फिल्म 'अग्निपथ' में काम कर चुके अभिनेता रेशम अरोड़ा इस वक्त आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे हैं। 71 साल के इस कलाकार की माली हालत खराब है। उनके पास कोई काम नहीं है और वो काम के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में अपनी आर्थिक तंगी की कहानी सुनाई है।
रेशम अरोड़ा का कहना है कि उनके पास कुछ भी काम नहीं है। उनका यह हाल उस वक्त से है जब से कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए लॉकडाउन लगा था। उनका कहना है कि उन्हें अब तक कोई काम नहीं मिल रहा है। अपने साक्षात्कार में रेशम ने कहा, लोग कहते हैं चीजें खुल रही हैं, पर मुझे कहीं काम का मौका नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया, कुछ साल पहले मैं ट्रेन से गिर गया था और उसके बाद अश्विनी धीर के शो के सेट पर एक अजीब कीड़े ने मुझे काट लिया था, जिस कारण कुछ वक्त के लिए मेरा चलना-फिरना ही बंद हो गया। मेरे लिए उस वक्त मुश्किल शुरू हो गई, जब मेरी पत्नी की आंखों की रोशनी कम होने लगी। उन्हें एक्यूट ग्लूकोमा की शिकायत हो गई थी। अरोड़ा ने कहा, मुझे काम की बेहद जरूरत है।