अनन्या पांडे, सिद्धांत चतुर्वेदी और आदर्श गौरव जैसे सितारों से सजी फिल्म 'खो गए हम कहां' 26 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने जा रही है। यह फिल्म डिजिटल जमाने में दोस्ती और प्यार के मायने तलाशती दिखेगी। पिछले दिनों इस फिल्म की स्क्रीनिंग कुछ खास लोगों के लिए रखी गई थी। इनमें चंकी पांडे, आदित्य रॉय कपूर और ईशान खट्टर जैसे सितारे शामिल हुए थे। आदित्य रॉय कपूर, अनन्या पांडे के करीबी दोस्त माने जाते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों एकदूसरे को डेट भी कर रहे हैं। ऐसे में आदित्य ने फिल्म के बारे में दिल खोल कर बात की।
आदित्य रॉय कपूर ने लोगों से फिल्म देखने की अपील की
फिल्म देखने के बाद आदित्य रॉय कपूर ने 'खो गए हम कहां' को बेहतरीन फिल्म बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि यह फिल्म जरूर देखें। अभिनेता ने आगे कहा, 'खो गए हम कहां एक' प्यारी फिल्म है, जिसे बेहद प्यार से बनाया गया है। सबने इस फिल्म में बढ़िया एक्टिंग की है। सिर्फ और सिर्फ प्यार, इस फिल्म के लिए। प्लीज आप लोग भी इस फिल्म को जरूर देखिए।'
ईशान खट्टर ने भी की तारीफ
'खो गए हम कहां' की स्क्रीनिंग के बाद ईशान खट्टर ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल से फिल्म के बारे में तारीफ की। ईशान ने लिखा, 'मुझे फिल्म बेहद पसंद आई। मैंने शुरू से लेकर आखिर तक लुत्फ उठाया। फिल्म से जुड़े सभी लोगों ने बेहतरीन काम किया है। सबके लिए प्यार।'
ओटीटी पर स्ट्रीम होगी 'खो गए हम कहां'
नेटफ्लिक्स पर 26 दिसंबर को स्ट्रीम होने जा रही 'खो गए हम कहां' का निर्माण फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट और जोया अख्तर-रीमा कागती की टाइगर बेबी ने मिलकर किया है। फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी दूसरी बार अनन्या पांडे के साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों 'गहराइयां' में साथ दिखे थे। 'खो गए हम कहां' में इन दोनों के अलावा कल्कि कोचलिन भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।