बॉलीवुड की शान शाहरुख, आमिर और सलमान पहले कभी एक दूसरे के दोस्त हुआ करते थे। शाहरुख ने सलमान और सलमान ने आमिर के साथ फिल्में भीं साथ की थीं जो सुपरहिट साबित रहीं।
यह कभी एक दूसरे के अच्छे दोस्त भी रहे। लेकिन फिर जाने क्या होता चला गया कि इनमें से कुछ के बीच ऐसा मनमुटाव हुआ कि इनके बीच खाई सी पैदा होती गई। आज भी इनके प्रशंसक इन तीनों को साथ देखना चाहते हैं लेकिन अब ये काम मुश्किल ही नहीं नामुमकिन सा हो गया है।
फिल्मकार फराह खान जो शाहरुख खान की बेहद करीबी दोस्त हैं के मुताबिक बॉलीवुड के तीन टॉप खान आमिर, शाहरुख और सलमान को एक फिल्म में साथ लाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है।
कोशिश की थी पर नहीं बनी बात
एक टीवी कार्यक्रम से जुड़ी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जब फराह खान से इस संभावना के बारे में पूछा गया तो फ़राह ने कहा, "ख़ुदा भी तीनों खान को साथ नहीं ला सकता तो फिर मैं किस खेत की मूली हूं। मैं ऐसी कोई कोशिश कर भी नहीं रही हूं।"
फराह ने ये भी बताया कि एक दफ़ा उन्होंने ये कोशिश की थी लेकिन बात बनी नहीं। फराह बोलीं, "आठ साल पहले फ़िल्म ओम शांति ओम के गाने दीवानगी-दीवानगी के लिए मैं तीनों ख़ान को साथ लाने की कोशिश की थी। शाहरुख और सलमान तो इस गाने में साथ दिख गए थे लेकिन आमिर को मैं ना ला पाई।"
फिल्म व्यापार से जुड़े लोगों का मानना है कि तीनों खानों का एक फ़िल्म में लाना व्यावसायिक वजहों से मुमकिन नहीं होगा क्योंकि फिल्म का बजट इतना बढ़ जाएगा कि उसे बनाना किसी फिल्मकार के बूते की बात नहीं।
सलमान और शाहरुख़ 'करण अर्जुन' और 'हम तुम्हारे हैं सनम', 'कुछ कुछ होता है' जैसी फ़िल्मों में साथ दिख चुके हैं जबकि आमिर और सलमान ने अब तक साथ में सिर्फ एक फ़िल्म, 'अंदाज़ अपना अपना' में साथ में काम किया है।