'बिग बॉस ओटीटी 3' भले ही खत्म हो गया है, लेकिन शो के प्रतियोगी लाइमलाइट में बने हुए हैं। सना ने रैपर नैजी को पछाड़कर विजेता का ताज अपने सिर सजाया है। जहां नैजी रियलिटी शो के फर्स्ट रनर-अप रहें, वहीं रणवीर शौरी 'बिग बॉस ओटीटी 3' के सेकंड रनर-अप बने। अब हाल ही में, रणवीर शौरी भी यूट्यूब पर आ गए हैं और उन्होंने अपना पहला व्लॉग भी शेयर किया है, जिसमें वह अपने दिए बयानों पर सफाई देते नजर आए हैं।
यूट्यूब पर आए रणवीर शौरी
अभिनेता द्वारा साझा किए गए इस वीडियो में, उन्हें अपने प्रशंसकों और बिग बॉस के दर्शकों को टॉप 3 की दौड़ में पहुंचने में मदद करने के लिए धन्यवाद देते हुए देखा जा सकता है। ऐसे समय में जब उनके सोशल मीडिया हैंडल एक्टिव नहीं थे और घर के बाहर उनकी कोई पीआर टीम नहीं थी। उन्होंने आगे कहा कि वह कुछ चीजें स्पष्ट करना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया साक्षात्कारों में अपने एक बयान को स्पष्ट करने के साथ शुरुआत की।
बिग बॉस के पक्षपाती होने वाले बयान पर दी सफाई
अभिनेता के दिए एक बयान से दर्शकों को ऐसा लग रहा था कि उन्होंने शो में सना मकबूल की जीत के बाद बिग बॉस को पक्षपाती कहा है। उसी पर अपना रुख साफ करते हुए रणवीर वे कहा, ''मुझे लगता है कि मीडिया वालों को बात घुमाने की आदत है। बिल्कुल हमारे इस साल के विजेता की तरह। मैंने सिर्फ ये कहा था कि मेरे ओपिनियन में उससे कहीं ज्यादा योग्य विजेता हो सकते हैं। मैंने उस लिस्ट में अपने अलावा अरमान, लवकेश, शिवानी, विशाल और चंद्रिका को भी शामिल किया था।''
सना मकबूल पर साधा निशाना
अभिनेता ने आगे कहा, ''दरअसल बिग बॉस से तो मैं इतना डरता हूं कि अगर उनकी आवाज अभी सुनूं तो अभी खड़ा हो जाऊं और ये डर लाइफ टाइम रहेगा। इसलिए बिग बॉस को पक्षपाती कहने का मेरा इरादा बिल्कुल भी नहीं था। ये गलती मैं कभी नहीं कर सकता।। अगर किसी ने बिग बॉस के खिलाफ जाने की हिम्मत दिखाई है तो वही सना मकबूल हैं जब वह बिग बॉस के खिलाफ गईं और कहा कि वह गलत थे, जब उन्होंने उन पर यह खुलासा करने का आरोप लगाया कि वह बाहर वाली हैं। शायद इसी हिम्मत की वजह से वो जीती भी। मैं उन्हें पूरे दिल से बधाई देना चाहता हूं।"