बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन, जिन्हें लोग महानायक कहकर भी संबोधित करते हैं। उनका दक्षिण भारतीय सिनेमा से भी गहरा ताल्लुक है। अभिनेता को उनकी अदाकारी के लिए ना सिर्फ हिंदी पट्टी बल्कि दक्षिण में भी खूब सराहना मिलती है। अब अमिताभ बच्चन नाग अश्विन की ‘कल्कि 2898 एडी’ में प्रभास और कमल हासन के साथ नजर आए हैं, लेकिन क्या आपको पता है इससे पहले भी बिग बी दक्षिण भारतीय फिल्म में काम कर चुके है। आइए जानते हैं अमिताभ बच्चन का साउथ सिनेमा से क्या कनेक्शन है?
इस साउथ फिल्म में कर चुके हैं काम
अमिताभ बच्चन साल 2014 में आई तेलुगु भाषा की फिल्म ‘मनम’ में नजर आ चुके हैं। इस फिल्म में नागार्जुन, नागा चैतन्य, सामंथा रुथ प्रभु, श्रेया सरन और ब्रह्मानंदम मुख्य भूमिका में रहे हैं। हालांकि, ‘मनम’ में अमिताभ कैमियो रोल में नजर आए थे।
Nag Ashwin: 4000 रुपये की सैलरी से लेकर कल्कि 2898 एडी तक, जानिए निर्देशक नाग अश्विन के बारे में दिलचस्प बातें
साउथ स्टार्स से रहा है गहरा कनेक्शन
दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने साउथ के कई बड़े सितारों के साथ काम किया है। इस लिस्ट में कमल हासन और रजनीकांत से लेकर धनुष तक शामिल हैं। बता दें कि अमिताभ बच्चन ने फिल्म ‘गिरफ्तार’ में रजनीकांत और कमल हासन दोनों के साथ काम किया है। ‘सूर्यवंशम’ में उन्होंने दक्षिण की खूबसूरत अभिनेत्री सौंदर्या के साथ अभिनय किया। वहीं, अभिनेता दक्षिण भारतीय कलाकार धनुष के साथ ‘शमिताभ’ में नजर आएं।
दक्षिण की इन अभिनेत्रियों के साथ स्क्रीन किया साझा
अमिताभ बच्चन ने साउथ की कई अभिनेत्रियों के साथ स्क्रीन साझा किया है। ‘खुदा गवाह’ में श्रीदेवी के साथ, ‘आज का अर्जुन’ और ‘शराबी’ में जया प्रदा के साथ अभिनय किया। वह ‘गंगा जमुना सरस्वती’, ‘शहंशाह’ और ‘तूफान’ में मीनाक्षी शेषाद्रि के साथ नजर आएं।
दक्षिण की इस अभिनेत्री के साथ जुड़ा नाम
अमिताभ बच्चन का नाम दक्षिण की फिल्मों से अपने अभिनय की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री से जुड़ा। इन दोनों के प्यार के किस्से जगजाहिर हैं। हम बात कर रहे हैं दिग्गज अभिनेत्री रेखा की, जिन्होंने साल 1969 में में आई कन्नड़ फिल्म ‘ऑपरेशन जैकपॉट नल्ली सीआईडी 999’ से मुख्य भूमिका में काम करना शुरू किया। अमिताभ ने अपने करियर में रेखा के साथ कई यादगार फिल्में की।
दक्षिण के निर्देशकों के साथ किया काम
बिग बी ने दक्षिण के कई निर्देशकों के साथ भी काम किया है। उन्होंने टी. रामा राव की फिल्म ‘अंधा कानून’ और ‘इंकलाब’ में काम किया। बच्चन ने निर्देशक ई.वी.वी. सत्यनारायण की ‘सूर्यवंशम’ में दमदार भूमिका निभाई। वहीं, हैदराबाद के राम गोपाल वर्मा के साथ ‘सरकार राज’, ‘आग’, ‘डरना जरूरी है’, ‘निशब्द’ और ‘रण’ जैसी फिल्मों में काम किया।
मिथुन चक्रवर्ती के बेटे के लिए चाय बनाते थे गोविंदा