आयुष्मान खुराना अपनी हर फिल्म में एक अलग अवतार में दिखाई देते हैं। उनकी फिल्मों या किरदारों में कोई दोहराव दिखाई नहीं देता है। इस विषय में बात करते हुए अभिनेता कहते हैं, 'मैं शुरू से ही ऐसी फिल्में करना चाहता था जो किसी ने नहीं किया हो।
अभिनेता आयुष्मान खुराना बॉलीवुड में अलग तरह की फिल्में करने के लिए मशहूर हैं। फिल्म 'विक्की डोनर' से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले अभिनेता ने फिल्म इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक हिट फिल्मे दी हैं। साल 2023 में उनकी फिल्म 'ड्रीम गर्ल 2' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने में कामयाब रही है। हाल ही में आयुष्मान बॉलीवुड में अपने करियर और अपनी फिल्मों के चुनाव पर खुलकर बातें करते दिखाई दिए।
विज्ञापन
कुछ अलग करने की चाह
आयुष्मान खुराना अपनी हर फिल्म में एक अलग अवतार में दिखाई देते हैं। उनकी फिल्मों या किरदारों में कोई दोहराव दिखाई नहीं देता है। इस विषय में बात करते हुए अभिनेता कहते हैं, 'मैं शुरू से ही ऐसी फिल्में करना चाहता था जो किसी ने नहीं किया हो। मुझे बॉलीवुड में आकर कुछ अलग करना था। वो टिपिकल हीरो या विलेन वाली भूमिकाएं मेरे अंदर के कलाकार को संतुष्ट नहीं कर पाती है।'
जोखिम लेना है पसंद
आयुष्मान खुराना अपनी बात जारी रखते हुए कहते हैं, 'मैं हमेशा से कुछ ऐसा करना चाहता था जिसे देखकर मुझे या मेरे फैंस को गर्व महसूस हो और मैं आज भी जोखिम भरे किरदार निभाने के लिए तैयार हूं। एक अभिनेता के तौर पर मेरी प्राथमिकता मेरे दर्शक हैं। मैं चाहता हूं वे जब भी मेरी कोई फिल्म देखें उन्हें लगे कि उन्होंने कुछ अलग और नया देखा है। मैं दोहराव से डरता हूं।'
वर्जित विषयों का चुनाव
फिल्म 'विक्की डोनर' में आयुष्मान स्पर्म डोनर की भूमिका में नजर आए थे। यह फिल्म बांझपन की पृष्ठभूमि पर आधारित थी। अपनी फिल्मों के चुनाव पर बात करते हुए अभिनेता कहते हैं, 'मुझे हमेशा से वर्जित विषयों पर काम करना और उन्हें जानना पसंद है। बॉलीवुड अक्सर समाज में वर्जित विषयों पर फिल्में बनाने से हिचकता है, लेकिन आपने देखा होगा कि मैंने सिर्फ वैसी ही फिल्में की हैं जिनके बारे में लोग बात करना भी पसंद नहीं करते हैं। चाहे वो 'शुभ मंगल सावधान' हो या 'बधाई हो', मैंने उन्हीं विषयों को चुना है जिन्हें लोग चुनने से घबराते हैं।