बॉलीवुड की क्यूट और खूबसूरत अभिनेत्री आलिया भट्ट ने कई फिल्मों में बेहतरीन अभिनय करके सभी का दिल जीता है। अब आलिया अभिनेत्री होने के साथ ही लेखिका भी बन गई हैं। आलिया की पहली किताब 'एड फाइंड्स ए होम' लॉन्च हो चुकी है। किताब के लॉन्च समारोह के दौरान हुए इंटरव्य में आलिया ने अपनी नई किताब और अपनी क्यूट बेटी राहा को लेकर खुलकर बातचीत की।
बचपन की बातें की याद
आलिया ने कहा, ''रोजाना मैं अपनी बेटी राहा के लिए तीन या फिर चार बार किताबें पढ़कर सुनाती हूं।'' आलिया भट्ट ने अपनी बचपन की बातें याद की और कहा, '' बचपन में मुझे किताबें पढ़ना ज्यादा पसंद नहीं था और मैं अपना ज्यादातर समय खिड़की से बाहर देखने और दिन में सपने देखने में बिताती थीं''। एक तरह से देखा जाए तो आलिया की किताब 'एड फाइंड्स ए होम' उनकी 19 महीने की बेटी राहा कपूर को समर्पित है।
राहा को पसंद हैं किताबें
"मैं राहा के लिए हर दिन, हर दोपहर, हर रात एक किताब पढ़ती हूं। हम एक नहीं, दो नहीं, बल्कि तीन किताबें पढ़ते हैं, और कई बार तो चार किताबें भी पढ़ते हैं। उसे (राहा) अपनी किताबें बहुत पसंद हैं। वह अपनी किताबों को गले लगाकर सोती है। वह अपनी किताबों से बेहद प्यार करती हैं।'' एक तरह से देखा जाए, तो नन्हीं राहा ने अपनी मां आलिया को किताबों के करीब पहुंचाया है। आलिया का कहना है कि उनकी मां सोनी राजदान और बहन शाहीन भट्ट ने उन्हें किताबों की दुनिया से परिचित कराने की बहुत कोशिश की थी।
अच्छी रीडर नहीं थी आलिया
"मैं बचपन में बहुत अच्छी रीडर नहीं थी। वाकई में, वह मेरी बहन थी, जो बहुत अच्छी रीडर रही हैं, वह अपने बाथरूम में बैठकर देर रात तक हैरी पॉटर की किताबें पढ़ती थी और मुझे याद है मां और मेरी बहन दिन भर मेरे चेहरे पर किताबें घुमाती रहती थी। कहती थीं 'आलिया, पढ़ो, पढ़ो।''
आलिया की किताब 'एड फाइंड्स ए होम' की कीमत सिर्फ 299 रुपये है। आलिया भट्ट जल्द ही फिल्म 'लव एंड वॉर' में नजर आएंगी। इसके अलावा आलिया स्पाई फिल्म का भी हिस्सा होंगी। निर्देशक वसन बाला की फिल्म 'जिगरा' में भी आलिया नजर आएंगी। इसके अलावा आलिया फिल्म 'ब्रह्मास्त्र 2' का भी अहम हिस्सा होंगी।