अभिनेता अभिषेक बनर्जी की इस बार स्वतंत्रता दिवस पर दो फिल्में रिलीज होने वाली हैं। वो फिल्म 'वेदा' और 'स्त्री 2' में नजर आने वाले हैं। इस बीच उनसे पूछा गया कि वो दोनों में से पहले कौन सी फिल्म देखेंगे, जिसका उन्होंने मजेदार जवाब दिया है।
इस बार का स्वतंत्रता दिवस काफी खास होने वाला है। कई बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली हैं। इनमें से दो फिल्में 'वेदा' और 'स्त्री 2' में अभिषेक बनर्जी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरते नजर आएंगे। हाल में ही एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इसे लेकर बात की है। उन्होंने इसे पागलपन भरा अनुभव बताया है। इस दौरान उनसे पूछा गया कि वह इन दोनों फिल्मों में से पहले कौन सी फिल्म देखेंगे, जिसका उन्होंने काफी दिलचस्प जवाब दिया है।
विज्ञापन
एक ही दिन दो फिल्में रिलीज होने पर खुद को बताया भाग्यशाली
इंडिया टुडे के साथ एक इंटरव्यू के दौरान बनर्जी ने बताया कि उनके लिए यह अनुभव काफी नया है। उन्होंने कहा कि थियेटर के दिनों में भी, उन्होंने एक दिन में दो शेडयूल कभी नहीं किए। अभिनेता ने कहा कि वो इस अवसर के लिए खुद को सौभाग्यशाली समझते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों किरदार एक-दूसरे से बहुत अलग हैं और अलग-अलग शैलियों से आए हैं। उनसे पूछा गया कि वह सबसे पहले कौन सी फिल्म देखेंगे, तो अभिषेक ने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, "मुझे लगता है कि मुझे दोनों को एक साथ देखने के लिए स्प्लिट स्क्रीन लगानी होगी या शायद मैं टॉस करूं, या सबसे बेहतर होगा कि मैं खेल खेल में देखूं।"
'ओ जनता, नो स्पॉइलर प्लीज' 'स्त्री 2' की टीम ने फैंस से की खास रिक्वेस्ट
विज्ञापन
कॉमेडी को बताया ज्यादा चुनौतीपूर्ण
इस बातचीत के दौरान अभिषेक ने कहा कि स्त्री फिल्म का उनका किरदार उन्हें काफी सहज लगता है। उन्होंने कहा कि वो इस भूमिका से इतना जुड़ा हुआ महसूस करते हैं कि वो इसे बहुत सहजता से निभा सकते हैं। अभिनेता ने कहा कि दोस्तों के साथ काम करने का उनका अनुभव काफी मजेदार रहा। कलाकारों के बीच दोस्ती ने उनकी काफी मदद की और फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि उनके लिए इस फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ना भी काफी जीवंत और आनंददायक अनुभव रहा। इसके साथ ही अभिनेता ने कहा कि उन्हें कॉमेडी जॉनर ज्यादा चुनौतीपूर्ण लगता है।