बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के बेटे जुनैद खान और उनके कजिन भाई और अभिनेता इमरान खान को शनिवार की रात एक साथ देखा गया है। पैपराजी ने दोनों को जुहू के एक कैफे के बाहर स्पॉट किया। सोशल मीडिया पर इस दौरान का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में इनके साथ अभिनेता आमिर खान नहीं नजर आ रहे हैं। दोनों का ये वीडियो फैंस को बेहद पसंद आ रहा है।
वीडियो में जुनैद खान लाल और नीले रंग की चैक वाली शर्ट और डेनिम जींस के साथ चश्मा लगाए हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, इमरान खान काले रंग की फिट टी-शर्ट में बेहद हैंडसम लग रहे हैं। फैंस को अभिनेता का ये लुक काफी अच्छा लग रहा है। पैपराजी ने जब दोनों को साथ में तस्वीर के लिए बोला तो दोनों भाईयों ने साथ में बड़ी सी मुस्कान के साथ में पोज दिए।
जुनैद खान और इमरान खान को साथ में देखकर कई फैंस दोनों के साथ में फिल्म करने के कयास लगा रहे हैं। हालांकि, अभी तक ऐसी कोई खबर सामने नहीं आई है। मगर, इन तस्वीरों के बाद फैंस अब दोनों को स्क्रीन साझा करते हुए देखना चाहते हैं। आमिर खान के बेटे जुनैद ने हाल ही में फिल्म 'महाराज' से बॉलीवुड में डेब्यू किया है। उनकी फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, जिसे दर्शकों का खूब प्यार मिला।
'महाराज' में जुनैद खान के अभिनय प्रदर्शन की भी खूब सराहना हुई। इसके साथ ही इंडस्ट्री में अपने दम पर कदम रखने के लिए आमिर खान ने भी अपने बेटे की प्रशंसा की है। आमिर ने हाल ही में एक बातचीत के दौरान महाराज में जुनैद के प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए उनके काम की प्रशंसा की। वहीं, इमरान खान भी बॉलीवुड में अपनी वापसी की तैयारी कर रहे हैं।