LS Polls: कूच बिहार में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा देती रही जबकि भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से छुटकारा दिलाया।
पीएम मोदी ने ममता बनर्जी को कहा- धन्यवाद
पीएम मोदी ने इस दौरान ममता बनर्जी को भी धन्यवाद कहा। उन्होंने इसके पीछा वजह भी बताई। उन्होंने आगे कहा कि 2019 में भी मैं इसी मैदान में चुनावी सभा करने आया था। तब मैदान के ठीक बीच में टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने एक मंच बनवा दिया था, ताकि मैदान छोटा लगे। उस वजह से सभा में लोग कम आए, लेकिन बहुत वोट दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के जीतने के बाद इस बार ममता जी ने ऐसा कोई मंच नहीं बनवाया है। उनका धन्यवाद।
संदेशखाली मामले पर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने संदेशखाली मामले को लेकर भी पश्चिम बंगाल सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पूरे बंगाल ने ही नहीं बल्कि पूरे देश ने देखा है कि कैसे टीएमसी सरकार ने संदेशखाली के गुनहगारों को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि संदेशखाली की महिलाओं के साथ जो हुआ, वो पश्चिम बंगाल सरकार के अत्याचार की पराकाष्ठा है।
‘संदेशखाली के गुनहगारों को सजा दिलाकर रहेंगे’
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने संदेशखाली की घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। उन्होंने चेतावनी दी कि संदेशखाली घटना के लिए केवल तृणमूल ही जिम्मेदार है और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।
सीएए को लेकर बोले मोदी
इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने सीएए को लेकर बंगाल की जनता को आश्वस्त करते कहा कि भाजपा सरकार सीएए लेकर आई है। ऐसे में हर परिवार को नागरिकता मोदी की गारंटी है। उन्होंने लोगों को चेताया कि सीएए को लेकर तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी जनता को डरा सकते हैं। मोदी ने कहा कि आपने मेरा दस साल का काम देखा है। मोदी की गारंटी पर भरोसा रखें।