प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे के बाद अब प्रदेश में राष्ट्रीय नेताओं के दौरे शुरू हो चुके हैं। प्रधानमंत्री की सभा के बाद अब 13 अप्रैल को राहुल गांधी की सभा होगी। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह के कार्यक्रम तय हो गए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 13 को दंतेवाड़ा और खैरागढ़ में सभा करेंगे। वहीं, 14 अप्रैल को राजनांदगांव में अमित शाह की सभा प्रस्तावित है।
पहले चरण के चुनाव के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 13 अप्रैल को बस्तर दौरे पर पहुंचने वाले हैं। इसे लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जगदलपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में राहुल गांधी सभा लेंगे। मोदी गारंटी के बाद अब बस्तर में न्याय गारंटी की बात होगी। राहुल गांधी बस्तर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के लिए वोट मांगेंगे।
बस्तर में पहले चरण में चुनाव होना हैं। कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा विवादों में घिर चुके हैं। प्रधानमंत्री को लेकर दिए गए विवादित बयान पर भाजपा ने रायपुर मुख्य निर्वाचन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। 13 को बस्तर में राहुल गांधी के दौरे के पहले ही लखमा को घेरने की रणनीति भाजपा ने बनाई है। इससे पहले बस्तर के कांग्रेस प्रत्याशी ने पुलिस कर्मियों को लेकर विवादित बयान दिया था।
छत्तीसगढ़ के पहले चरण में बस्तर में 19 और दूसरे चरण में राजनांदगांव, कांकेर व महासमुंद में 26 अप्रैल को मतदान होगा। सूत्रों के अनुसार, पहले चरण के चुनाव के बाद दूसरे चरण के लिए 20 अप्रैल को राजनांदगांव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, भूपेश बघेल के लिए वोट मांगने पहुंचेगी। वहीं, जांजगीर-रायगढ़ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा की रणनीति बनी है।