लोकसभा चुनाव के सातवें चरण की वोटिंग के दौरान पश्चिम बंगाल में भाजपा-टीएमसी समर्थकों के बीच हिंसा हो गई। कथित चुनाव गड़बड़ियों के आरोप में हिंसा हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पश्चिम बंगाल में शाम पांच बजे तक 69.89 प्रतिशत मतदान हुआ।
आयोग के अनुसार, बशीरहाट में सबसे अधिक 76.56 प्रतिशत तो कोलकाता उत्तर में 59.23 सीटों पर मतदाता हुआ। मथुरापुर में 74.13%, जयनगर में 73.44%, डायमंड हार्बर में 72.87%, बारासात में 71.80%, जादवपुर में 70.41%, दमदम में 67.60, कोलकाता दक्षिण में 60.88 में मतदान हुआ। वहीं, बारानगर उपचुनाव में 66.70 प्रतिशत मतदान हुआ।
हिंसा की जानकारी देते हुए बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त ने एक्स पर सुबह कहा था कि आज सुबह 6.40 बजे जयनगर संसदीय क्षेत्र में बेनीमाधवपुर एफपी स्कूल से कुछ रिजर्व ईवीएम और सेक्टर अधिकारी के पेपरों को भीड़ ने लूट लिया। भीड़ ने दो वीवीपैट मशीनों को तालाब में फेंक दिया। सेक्टर अधिकारी ने एफआईआर दर्ज कराई है। मामले में और जरूरी कार्रवाई की जा रही है। बाद में चुनाव आयोग ने बताया कि हमें शाम पांच बजे तक 2,267 शिकायतें मिलीं। इनमें ईवीएम में खराबी और बूथों में एजेंटों के प्रवेश में बाधा डालने का आरोप लगाया गया। टीएमसी, कांग्रेस, आईएसएफ और भाजपा ने हिंसा, मतदाताओं को डराने-धमकाने और एजेंटों पर हमले से संबंधित सैकड़ों शिकायतें दर्ज कराई हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बंगाल के जादवपुर में स्थित भानगर के सतुलिया के पास भी हिंसा की घटना दर्ज की गई। यहां इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) और माकपा के समर्थकों के बीच हाथापाई भी हुई। इसमें आईएसएफ के कई कार्यकर्ताओं को चोंटें आईं।
कोलकाता में पोलिंग बूथ के बाहर भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ नारेबाजी
दूसरी तरफ कोलकाता उत्तर लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार तापस रॉय के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। टीएमसी ने आरोप लगाया कि भाजपा बूथ में फर्जी वोटिंग करवा रही है। इस घटना पर तापस ने कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं जानते। बूथ पर पहले ही पोलिंग एजेंट मौजूद हैं।