Cabinet Portfolio: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में मंत्रिपरिषद के सहयोगियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। इनमें पीएम मोदी समेत सात नेता ऐसे भी रहे, जो पहले मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। इन वरिष्ठ नेताओं को रक्षा, कृषि एवं किसान कल्याण, ऊर्जा और उद्योग मंत्रालय जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। चार पूर्व सीएम ऐसे हैं जिन्हें मोदी मंत्रिमंडल में पहली बार मौका मिला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिपरिषद सहयोगियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। मंत्रियों के विभागों की सूची राष्ट्रपति भवन के सचिवालय की ओर से जारी कर दी गई है। इनमें से सात नेता ऐसे भी रहे, जो पहले मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं। खुद पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके पीएम मोदी बीते 23 वर्षों में अब तक सात बार शपथ ले चुके हैं। इसमें से मुख्यमंत्री के तौर पर चार बार और प्रधानमंत्री के रूप में तीन बार शपथ ले चुके हैं। केंद्र की सत्ता संभालने से पहले नरेंद्र मोदी अपने गृह राज्य गुजरात में मुख्यमंत्री रहे। अपने तीसरे कार्यकाल में पीएम मोदी, कार्मिक विभाग, लोक शिकायत, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष जैसे अहम विभाग भी संभालेंगे।
राजनाथ सिंह: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह अक्तूबर 2000 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री चुने गए। उन्हें 2003 में कृषि मंत्री बनाया गया। इसके बाद वह गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय को भी संभाल चुके हैं। एक बार फिर से उन्हें रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।