फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BJP: मोदी लहर में न हो जाए ये बड़ी गड़बड़ी, भाजपा ने अपने टॉप नेताओं को दिए ये निर्देश

सार

प्रथम चरण के मतदान के ठीक पहले पार्टी नेताओं को दिए गए इस निर्देश में मतदान दिवस के ठीक एक दिन पहले मंडल स्तर पर सभी बूथ पदाधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें शत-प्रतिशत मतदान कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए निचले स्तर के कार्यकर्ताओं को उचित ट्रेनिंग दिए जाने की व्यवस्था भी की जा रही है।   
 
विज्ञापन
पीएम मोदी - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भाजपा मोदी लहर में तीसरी बार सत्ता में आने के प्रति पूर्ण आश्वस्त है। इस लहर के बूते ही पार्टी ने अपने लिए 370 लोकसभा सीटों और एनडीए के लिए 400 लोकसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य तय कर रखा है। लेकिन पार्टी नेताओं को अब इस बात का डर सता रहा है कि यदि कार्यकर्ता मोदी लहर में पार्टी की जीत के प्रति ज्यादा आश्वस्त हो गए, तो वे सुस्त पड़ सकते हैं। इससे भाजपा समर्थित मतदाताओं के वोट कम पड़ सकते हैं, जिससे पार्टी को नुकसान हो सकता है। इस संभावना को समाप्त करने के लिए पार्टी ने अपने शीर्ष नेताओं को निर्देश दिया है कि वे कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रोत्साहित करें। इससे संबंधित एक प्रत्याशी का सोशल मीडिया पोस्ट इस समय मीडिया में वायरल हो गया है, जिसकी खूब चर्चा भी हो रही है। 
विज्ञापन


प्रथम चरण के मतदान के ठीक पहले पार्टी नेताओं को दिए गए इस निर्देश में मतदान दिवस के ठीक एक दिन पहले मंडल स्तर पर सभी बूथ पदाधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें शत-प्रतिशत मतदान कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए निचले स्तर के कार्यकर्ताओं को उचित ट्रेनिंग दिए जाने की व्यवस्था भी की जा रही है।   

बिहार में भी यही आशंका
बिहार भाजपा के एक नेता ने अमर उजाला को बताया कि वे अपने राज्य में लगभग पिछला इतिहास दोहराने के करीब हैं। पार्टी का आकलन है कि अपने सहयोगी दलों के माध्यम से भाजपा लगभग हर सीट पर जीत हासिल करने की स्थिति में है। लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं के अतिआत्मविश्वास से पार्टी को नुकसान पहुंच सकता है। इसे देखते हुए हर बूथ पर शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन कार्यकर्ताओं की बैठकें ली जा रही हैं। 
विज्ञापन


सहयोगी दलों की सीटों पर भी हर मत डालने पर जोर
नेता के अनुसार, भाजपा ने अपने साथ-साथ सहयोगी दलों की सीटों पर भी जीत सुनिश्चित करने के लिए उनकी सीटों पर भी अपने कार्यकर्ताओं की बैठकें ली हैं। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीतनराम मांझी की गया लोकसभा सीट और लोजपा (चिराग पासवान गुट) के असर वाली सीटों पर जनसभाएं की हैं। चूंकि, बिहार में चुनाव के सभी सातों चरणों में मतदान होना है, आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य टॉप भाजपा नेताओं की जनसभाएं हो सकती हैं। इसका उद्देश्य सहयोगी दलों की सीटों पर भी भाजपा के मतदाताओं का वोट अपने सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को दिलाना है। इसके लिए सहयोगी दलों के साथ समन्वय बैठकों में सभी दलों के नेताओं के साथ सामूहिक बैठकें भी की जा रही हैं।              

जनसभा से पहले कार्यकर्ताओं की मीटिंग पर जोर
दिल्ली जैसे जिन राज्यों में अभी मतदान दूर है, वहां पर प्रत्याशियों की सीधी जनसभाओं से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं और बूथ प्रमुखों, पन्ना प्रमुखों से लगातार संपर्क कर उन्हें पूर्ण मतदान के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए कहा जा रहा है। विशेषकर जिन क्षेत्रों में अधिक उम्र के, बीमार या किसी कारण बूथ पर पहुंचने में परेशानी का सामना करने वाले मतदाताओं का मतदान सुनिश्चित कराने के लिए उचित उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी नेता ऐसे मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने और मतदान कराने के बाद उन्हें वापस उनके घर तक पहुंचाने के लिए उचित सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दे रहे हैं।  

दिल्ली में एक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी ने अमर उजाला से कहा कि उनकी दिनचर्या सुबह 6 बजे से शुरू हो रही है और देर रात तक मीटिंग का दौर जारी रहता है। लेकिन इसमें सीधी जनसभाएं या जनता से जुड़े कार्यक्रम बहुत कम हैं। इसकी बजाय हर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, मंडल स्तरीय नेताओं से लेकर बूथ और पन्ना प्रमुखों तक की मुलाकात अधिक की जा रही है। इन मुलाकातों का उद्देश्य हर कार्यकर्ता को भाजपा का हर एक मत डालना सुनिश्चित करना है। इन मीटिंग में प्रत्याशियों के अलावा पार्टी के बड़े नेताओं को लाकर कार्यकर्ताओं को हर मत डालना सुनिश्चित करने की ट्रेनिंग भी दी जा रही है। इसमें लोकसभा पर्यवेक्षक, विधानसभा पर्यवेक्षक और जिला पर्यवेक्षक शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें