लोकसभा चुनावों के लिए अब कुछ ही दिनों का समय बचा है। इसके लिए सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं। नामांकन, रैली और प्रचार-प्रसार का दौर भी जारी है। उधर बयानबाजी, आरोपों, विज्ञापनों को लेकर चुनाव आयोग पहले ही सख्त हिदायत दे चुका है। इसके बाद भी आयोग में अब तक कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।
कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ की शिकायत
अब कांग्रेस ने मंगलवार को भाजपा के विज्ञापन अभियान के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा काटे-छांटे और विकृत वीडियो के जरिए कांग्रेस को बदनाम किया जा रहा है। पार्टी ने चुनाव आयोग से आग्रह किया गया है कि ऐसे विज्ञापनो को तुरंत बद करवाकर इनके लेखकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश का कहना है कि भाजपा द्वारा बार बार विकृत वीडियो का इस्तेमाल कर कांग्रेस को बदनाम किया जा रहा है। इसके खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के निचले स्तर के अभियान चलाने वाले लेखकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और ऐसे विज्ञापनों को तुरंत बंद करवाने का भी अनुरोध किया गया।
बता दें कि कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, पवन खेड़ा और गुरदीप सप्पल समेत पार्टी के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मुलाकात की और उन्हें अपनी शिकायतों का एक ज्ञापन सौंपा।