University Transition Tips: कुछ छात्र कॉलेज में दाखिला इसलिए लेते हैं, क्योंकि उन्हें पहले से ही पता होता है कि उन्हें क्या पसंद है और आगे क्या पढ़ना है, जबकि कुछ अपने जुनून या लक्ष्य को पाने की उम्मीद में जाते हैं। हालांकि, कई बार कॉलेज पहुंचकर छात्रों को पता चलता है कि यह वैसा नहीं है, जैसी उन्होंने कल्पना की थी। इसी कारण बहुत से छात्र पहले ही साल कॉलेज छोड़ देते हैं, क्योंकि अलग-अलग कारणों से उन्हें खुद के फैसले पर पछतावा होता है। तो, अगर आप भी विश्वविद्यालय में प्रवेश लेते हैं और वह आपकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं होता, तो घबराने की जरूरत नहीं है। अपने आप को परिस्थिति के अनुसार ढालने और अन्य विकल्पों को समझने के लिए खुद को थोड़ा समय दें।
अगर आप अभी-अभी 12वीं कक्षा से निकले हैं, तो यूनिवर्सिटी में जाना आपके लिए परिवर्तनकारी कदम हो सकता है। इसका कारण स्कूल से कॉलेज में प्रवेश के दौरान होने वाले बदलाव हैं। आम तौर पर बारहवीं तक सब कुछ बहुत व्यवस्थित होता है, आपकी कक्षाएं तय होती हैं और शिक्षक हमेशा आपका मार्गदर्शन करने के लिए मौजूद रहते हैं। वहीं अगर बात कॉलेज की करें, तो वहां आपको अपना टाइमटेबल खुद मैनेज करना होता है, डेडलाइन का भी ध्यान रखना होता है, नए कैंपस में अपना रास्ता तलाशना होता है और कभी-कभी तो नए और अपरिचित विषयों का भी अध्ययन करना होता है। इसलिए इन सबके लिए तैयार रहें।