पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु
- फोटो : ANI
West Bengal Teacher Eligibility Test: पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने सोमवार को कहा कि राज्य में स्कूली शिक्षकों की भर्ती के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) परीक्षा दो महीने में आयोजित की जाएगी। बसु ने कहा कि टीईटी परीक्षा दिसंबर के दूसरे सप्ताह में होगी। टीईटी परीक्षा लिखित माध्यम से होंगे। राज्य के शिक्षा मंत्री ने कहा कि हम दुर्गा पूजा के तुरंत बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के लिए तारीख की घोषणा करेंगे।
बसु ने कहा कि हम मेरे और प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के बीच अक्तूबर के तीसरे सप्ताह से पहले होने वाली बैठक के बाद परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा करेंगे। बता दें कि हाल ही में प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों की भर्ती में अनियमितता को लेकर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को फटकार लगाई थी। लगभग 200 टीईटी उम्मीदवार, जिन्होंने 2014 और 2016 की परीक्षाओं में क्वालीफाई किया था, लेकिन नौकरी नहीं पा सके, नौकरी की मांग को लेकर शहर के एस्प्लेनेड इलाके में गांधी प्रतिमा के सामने 520 दिनों से अधिक समय से धरना दे रहे हैं।