पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड (डब्ल्यूबीजेईई बोर्ड) ने डब्ल्यूबी जेईई यानी पश्चिम बंगाल ज्वाइंट एंट्रेस एग्जाम (जेईई) 2021 का काउंसलिंग शेड्यूल जारी कर दिया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट wbjeeb.nic.in पर जेईई उम्मीदवार काउंसलिंग शेड्यूल डाउनलोड कर सकते हैं।
पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड (WBJEEB) ने वास्तुकला को छोड़कर सभी सीटों के लिए डब्ल्यूबी जेईई 2021 के काउंसलिंग कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। शुल्क भुगतान और कॉलेजों की पसंद के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 13 अगस्त से शुरू होगी और 16 अगस्त को समाप्त होगी। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट –
wbjeeb.nic.in पर पूरे काउंसलिंग कार्यक्रम का विवरण देख सकते हैं। डब्ल्यूबी जेईई 2021 परीक्षा 17 जुलाई को ऑफलाइन मोड में आयोजित की गई थी और परिणाम 06 अगस्त को घोषित किए गए थे। इससे पहले डब्ल्यूबी जेईई बोर्ड ने 05 अगस्त को परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी जारी की थी।
काउंसलिंग कार्यक्रम के अनुसार, सीट आवंटन का पहला दौर 19 अगस्त, 2021 को होगा। जिन छात्रों को पहली सूची में सीटें आवंटित की गई हैं, उन्हें 20 अगस्त से 24 अगस्त के बीच शुल्क भुगतान, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश करना होगा। इसके बाद, दूसरी आवंटन सूची 27 अगस्त को जारी की जाएगी। एक अतिरिक्त मॉप-अप राउंड होगा जो 06 सितंबर से शुरू होगा। मॉप अप राउंड का सीट आवंटन परिणाम 11 सितंबर, 2021 को घोषित किया जाएगा। जिन छात्रों को मॉप अप सूची में सीटें आवंटित की गई हैं, उन्हें 11 सितंबर से 15 सितंबर के बीच प्रवेश शुल्क भुगतान और दस्तावेज सत्यापन करना होगा।
काउंसलिंग के लिए करें तैयारी
बोर्ड द्वारा उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने काउंसलिंग के लिए आवश्यक दस्तावेजों को तैयार कर संभाल कर रख लें। परीक्षा से संबंधित अधिक विवरण के लिए उम्मीदवार पश्चिम बंगाल जेई बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट
wbjeeb.nic.in पर विजिट कर सकते हैं।