UP School Reopening: कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश में अभी स्कूलों के शुरू होने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं। खबरों के अनुसार उत्तर प्रदेश सरकार स्कूलों को खोलने की तारीख अब 15 फरवरी, 2022 तक बढ़ा सकती है। इस दौरान ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी। हालांकि, राज्य सरकार ने अब तक ऐसी कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं जारी की है।
UP School Reopening: 30 से खुलने हैं स्कूल
सरकार के फैसले के अनुसार राज्य में स्कूल 30 जनवरी से शुरू किए जाने हैं। इससे पहले स्कूलों को 23 जनवरी, 2022 से शुरू किया जाना था। हालांकि, राज्य में कोरोना और इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामलों को देखते हुए तारीखों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
UP School Reopening: 10 हजार से अधिक संक्रमित मिले
उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को राज्यभर से 10, 937 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। वहीं, इस दौरान 17,074 मरीज ठीक भी हुए हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 80342 है।
UP School Reopening: अन्य राज्यों में खुल रहे हैं स्कूल
एक ओर जहां उत्तर प्रदेश में स्कूलों को बंद रखने की खबर सामने आ रही है। वहीं, कई राज्य ऐसे भी है जहां स्कूलों को दोबारा से खोला जा रहा है। महाराष्ट्र सरकार ने 24 जनवरी से राज्य में स्कूलों को खोलने के आदेश जारी कर दिए थे। वहीं, हरियाणा में भी 1 फरवरी से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।