त्रिपुरा सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के सभी स्कूल परिसरों में राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन को प्रतिबंधित कर दिया है। राज्य सरकार के शिक्षा विभाग ने कहा कि स्कूल समय के दौरान स्कूल परिसर में राजनीतिक रैलियों और कार्यक्रमों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का सख्त आदेश जारी किया है। हालांकि, ऐसे किसी भी कार्यक्रम के लिए शिक्षा विभाग से एनओसी लेना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
सरकार का तर्क है कि स्कूल परिसरों में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। जानकारी के अनुसार, यह कदम सरकार ने शिक्षा विभाग को स्कूल के समय के दौरान कुछ परिसरों में प्रधानाध्यापकों द्वारा इस तरह के राजनीतिक कार्यक्रमों की अनुमति देने संबंधी रिपोर्ट मिलने के बाद उठाया है। शिक्षा विभाग ने आदेश में कहा कि खेल के मैदान सहित किसी भी स्कूल के संसाधनों का उपयोग किसी भी राजनीतिक दल / आयोजक द्वारा राजनीतिक कार्यों / रैलियों आदि के संचालन के लिए नहीं किया जाएगा।