हिंसा व आतंकवाद के विरुद्ध पूरा देश एकजुट: कार्यवाहक कुलपति
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के कार्यवाहक कुलपति की ओर से कहा गया, "भारतीय सेना द्वारा 'ऑपरेशन सिंदूर' के माध्यम से आतंकी ढांचे के विरुद्ध कार्रवाई आतंकवाद को पराजित करने की देश की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है। भारत अपने धैर्य, शांतिप्रियता तथा अहिंसा के मूल्यों के लिए जाना जाता है, लेकिन हिंसा व आतंकवाद के विरुद्ध पूरा देश एकजुट है और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से यह संदेश पूरी दुनिया में गया है। इस पराक्रम के लिए भारतीय सेना को सलाम। जय हिन्द।"
आईआईटी बॉम्बे ने की सेना की तारीफ
आईआईटी बॉम्बे ने ट्वीट करते हुए ऑपरेशन सिंदूर के लिए भारतीय सेना और प्रधानमंत्री की तारीफ की। संस्थान ने ऑपरेशन सिंदूर को देश की संप्रभुता की रक्षा में एक निर्णायक कदम बताया।
संस्थान ने पोस्ट में लिखा, "ऑपरेशन सिंदूर के लिए हमारे बहादुर सशस्त्र बलों और प्रधानमंत्री के निर्णायक नेतृत्व को सलाम। भारत ने आतंकी शिविरों पर सटीक हमला करके अपनी उन्नत रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन किया है। यह नवाचार, रणनीतिक अनुसंधान और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी को दर्शाता है।"
जामिया हमदर्द ने दी सेना और पीएम को बधाई
जामिया हमदर्द ने भी इस ऑपरेशन को 'देश की गरिमा और सुरक्षाबलों के साहस का प्रतीक' बताया। संस्थान ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने में हमारे सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और सफलता पर हमें गर्व है। माननीय प्रधानमंत्री और उनकी टीम को बधाई। जय हिंद!"
भारत आतंकवाद को जड़ से मिटाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध: एचयू
हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम में हमारे निर्दोष भाइयों की क्रूर हत्या के लिए भारत की प्रतिक्रिया है। हमारा देश अपने लोगों पर किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए संकल्पित है। भारत आतंकवाद को जड़ से मिटाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आईआईएम मुंबई ने अपने आधिकारिक हैंडल से लिखा, "ऑपरेशन सिंदूर में उनके वीरतापूर्ण प्रयासों के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को बधाई। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में निर्णायक नेतृत्व का एक शानदार उदाहरण. जय हिंद!"
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी बिहार, डॉ. भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी लखनऊ, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों ने भी ट्वीट कर भारतीय सेना के पराक्रम को नमन किया और ऑपरेशन सिंदूर के प्रति समर्थन जताया।