JEE Advanced Topper 2023: जेईई एडवांस्ड 2023 का रिजल्ट जारी हो चुका है। कोटा की एक बेटी ने तमाम मुश्किलों से लड़ते हुए इस परीक्षा को पास किया है। यही नहीं यहां के बच्चे अच्छी पढ़ाई कर संघर्ष से सफलता तक के सफर को सिद्ध कर रहे हैं। ये कहानी है कोटा की बेटी कशिश की। कशिश ने तमाम परिस्थितियों से लड़ते हुए खुद को साबित किया। देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक आईआईटी प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2023 को क्रैक किया। कशिश अपने परिवार की पहली आईआईटीयन बनेगी। उसकी सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। कशिश ने जेईई-एडवांस्ड में कैटेगिरी रैंक 1216 प्राप्त की है। वहीं जेईई-मेन में कैटेगिरी रैंक 5557 थी।
कशिश ने बताया कि मेरे दादा यशराज 85 वर्ष की उम्र में भी परिवार को पालने के लिए मेहनत कर रहे हैं। वे वॉचमैन हैं। मां वंदना भी घर पर सिलाई-कढ़ाई का काम करती हैं। छोटी बहन 12वीं कक्षा में है एवं उससे छोटी दो बहनें स्कूल में पढ़ रही हैं। घर आधा कच्चा-पक्का है। मैंने 10वीं कक्षा 95 प्रतिशत एवं 12वीं कक्षा 91 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की है। इसके बाद जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड क्रैक किया।
कशिश ने बताया कि परिवार की स्थिति कमजोर है और मैं यह बात अच्छे से जानती हूं कि पढ़ाई करके ही स्थिति को मजबूत किया सकता है। पापा की तबीयत काफी खराब हो गई थी। बावजूद इसके मैंने जेईई की तैयारी के लिए कोचिंग जाना बंद नहीं किया। पापा की देख-भाल के साथ एग्जाम की तैयारी भी करनी थी। ब्रेन हैमरेज के बाद सुबह पापा का ऑपरेशन हुआ और मैं उसी दिन शाम वाले बैच में पढ़ने कोचिंग पहुंच गई थी। पहले तो पापा कोचिंग छोड़ने-लेने आते थे, लेकिन बाद में ये सब मुझे ही करना पड़ा।
कशिश की मां वंदना कुमारी ने बताया कि हमारा परिवार सिर्फ बच्चों की पढ़ाई के लिए ही जी रहा है। बीमारी से पहले इनके पिता खूब मेहनत करते थे। अभी ठीक से चल नहीं पाते। कशिश ने एक पड़ाव पार कर लिया, इसकी बहुत खुशी है। कशिश का करिअर बनता है तो यह पूरे परिवार के लिए अच्छा होगा।