सीबीआई जांच और मुआवजा देने की मांग
सांसद ने कहा कि युवा बेरोजगारों के भविष्य को देखते हुए भाजपा शुरुआत से ही इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने मांग कर रही है, ताकि इसमें लिप्त अपराधियों के चेहरे बेनकाब हो सके। उन्होंने मांग की कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी ही चाहिए और आवेदन शुल्क के नाम पर वसूली गई करोड़ों की राशि वापस लौटाई जाए। सांसद ने इसके साथ ही सरकार से अभ्यर्थियों को मुआवजा राशि देनी की मांग भी की।
लोकसभा में भी उठा था मुद्दा
रीट पेपर लीक का मामला लोकसभा में उठाया गया था। राजस्थान के नागौर से आरएलपी के सांसद हनुमान बेनीवाल ने इस परीक्षा को रद्द करने और पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग उठाई थी। बेनीवाल लोकसभा में कहा था- रीट परीक्षा में बड़ी विसंगतियों की बात सामने आ रही है। राज्य में युवा आंदोलन कर रहे हैं। इस परीक्षा को रद्द करना चाहिए और मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए।
जांच में केवल लेवल-2 के लीक की बात
रीट पेपर लीक मामले की जांच में केवल लेवल-2 परीक्षा के लीक की बात सामने आई है। यह परीक्षा 26 सितंबर, 2021 को आयोजित की गई थी। जांच के अनुसार पहली पाली की परीक्षा के पेपर लीक हुए थे। लेवल -1 की परीक्षा में किसी भी कदाचार की बात सामने नहीं आई है। पुलिस आगे की जांच के लिए शिक्षा विभाग के लगातार संपर्क में हैं।
35 लोग हो चुके गिरफ्तार
राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट) पेपर लीक के मामले में राज्य पुलिस ने अब तक कुल 35 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 13 छात्र भी शामिल हैं। जांच के आगे बढ़ने पर कई अन्य गिरफ्तारियों की आशंका जताई जा रही है।