Tripura's first Dental College inauguration on sunday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को त्रिपुरा के पहले डेंटल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। त्रिपुरा के सीएम मुख्यमंत्री माणिक साहा ने गुरुवार रात एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने भारतीय दंत चिकित्सा परिषद (DCI) की सिफारिशों के आधार पर गुरुवार को आईजीएम अस्पताल के नए भवन में एक डेंटल कॉलेज स्थापित करने की अनुमति दे दी है।
डीसीआई की कार्यकारी परिषद ने दी मंजूरी
सीएम साहा ने कहा कि डीसीआई की एक टीम ने 12 और 13 दिसंबर को डेंटल कॉलेज के लिए प्रस्तावित भवन का दौरा किया और सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, "वे प्रस्तावित भवन में बुनियादी ढांचे से प्रभावित थे और गुरुवार 15 दिसंबर को डीसीआई की कार्यकारी परिषद द्वारा एक डेंटल कॉलेज स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई थी।
मेडिकल कॉलेज में 50 सीटें होंगी
मुख्यमंत्री माणिक साहा के पास स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग भी है। उन्होंने बताया कि डेंटल कॉलेज में 50 सीटें होंगी और यह त्रिपुरा केंद्रीय विश्वविद्यालय के तहत काम करेगा। उन्होंने कहा, "50 सीटों में से 15 फीसदी सीटें केंद्रीय पूल के लिए आरक्षित होंगी, जबकि 7/8 सीटें पूर्वोत्तर राज्यों के लिए और बची हुई सीटें त्रिपुरा के छात्रों के लिए आरक्षित होंगी।
शैक्षणिक सत्र अगले साल सितंबर से
सीएम साहा ने डेंटल कॉलेज की स्थापना को राज्य के लिए एक ड्रीम प्रोजेक्ट बताया है। उन्होंने कहा कि चार वर्षीय बीडीएस प्रवेश नीट के आधार पर किया जाएगा और बाद में इसे धीरे-धीरे अपग्रेड किया जाएगा। शैक्षणिक सत्र अगले साल सितंबर से शुरू होगा।
पीएम मोदी और स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने राज्य में डेंटल कॉलेज की स्थापना की अनुमति देने के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया को भी धन्यवाद दिया। पूर्वोत्तर राज्य में सरकार द्वारा संचालित अगरतला मेडिकल कॉलेज (AGMC) और समाज द्वारा संचालित त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज और टीचिंग अस्पताल है।