कोरोना संक्रमण के चलते देशव्यापी लॉकडाउन के बीच देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों व अनुसंधान संस्थानों को ऑनलाइन कक्षाओं के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने निर्देश दिए हैं।
इन्हें सलाह दी गई है कि उनके शिक्षक स्वयं ई-कोर्स विकसित करे और ऑनलाइन क्लॉस ले, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही उच्च कक्षाओं और शोधार्थियों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करने, एमएससी के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा आयोजित करने और जिनका शोध का अंतिम चरण में है उन्हें छह माह की और मोहलत देने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा जो विद्यार्थी आईसीएआर के पाठ्यक्रमों में पंजीकरण नहीं करा पाएं हैं वह 15 मई तक पंजीकरण करा सकते हैं। इस आदेश को सभी कृषि विश्वविद्यालयों, डीम्ड कृषि विवि, केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालयों और अनुसंधान केंद्रों में लागू करने के लिए भेजा गया है।
आईसीएआर ने शिक्षा पोर्टल पर ई-पाठ्यक्त्रस्म तथा शोध के लिहाज से अन्य पोर्टल शोधार्थियों को अध्ययन के लिए उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके अलावा उच्च कक्षाओं में यदि परीक्षाओं के माध्यम से मूल्यांकन संभव नहीं है तो विद्यार्थियों से मौखिक परीक्षा और पिछली परीक्षाओं के आधार पर मूल्याकंन किया जा सकेगा।