DoE: शिक्षा निदेशालय ने एनआईओएस के छात्रों के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए एक विशेष रोडमैप जारी किया है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा की बेहतर तैयारी कराने और उनकी शैक्षणिक सफलता सुनिश्चित करने में मदद करना है। इस रोडमैप के तहत सुनियोजित रणनीतियां, मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे छात्र परीक्षा में अच्छे परिणाम हासिल कर सकें।
NIOS: शिक्षा निदेशालय ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) परियोजना के छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन सुधारने को लेकर पहल की है। अगले माह से छात्रों की परीक्षाएं शुरू होने जा रही है। इस संबंध में निदेशालय के एनआईओएस परियोजना के क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक विकास कालिया ने सर्कुलर जारी किया है।
विज्ञापन
इस सर्कुलर में एनआईओएस अध्ययन केंद्र के प्रमुखों के लिए रोडमैप जारी किया गया है। इसके तहत पहली परीक्षा से दो दिन पहले तक एनआईओएस परियोजना के लिए नियमित रूप से केंद्रों में कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। एनआईओएस शिक्षकों को दूसरी जिम्मेदारियों से मुक्त रखा जाएगा, ताकि शिक्षक केवल कक्षाएं लेने पर ध्यान केंद्रित कर सकें। कठिन विषयों पर पुनरावृत्ति कक्षाएं आयोजित होंगी।
अध्ययन केंद्र प्रमुख सभी विषयों पर प्रश्नानुसार विश्लेषण के लिए छात्रों को प्री-बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराएंगे ताकि छात्र अपनी कमजोरियों को पहचान सकें। जिन छात्रों को अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता होगी उनके लिए उपचारात्मक कक्षाएं आयोजित होंगी।
परीक्षा की तैयारी कराने के लिए छात्रों के प्रैक्टिस टेस्ट होंगे। जिससे छात्रों को परीक्षा की तैयारी में मदद मिल सकें। छात्रों की शंकाओं को दूर किया जाएगा। छात्रों की प्रगति की नियमित निगरानी होगी और रचनात्मक फीडबैक उपलब्ध कराएंगे। जिससे छात्र सही दिशा में प्रगति कर सकें। छात्रों को परीक्षा देने के लिए लगातार प्रेरित और प्रोत्साहित किया जाएगा।