मेडिकल करिअर काउंसलर एवं नीट एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि परीक्षा पूर्णतया: पेन और पेपर मोड पर होगी। यह परीक्षा एमबीबीएस की 104333 , बीडीएस की 27868,आयुष पाठ्यक्रम ( बीएएमएस, बीएचएमएस, बीवायएमएस, बीयूएमएस,) की 52720 बीवीएससी एवं चयनित बीएससी नर्सिंग कॉलेज के पाठ्यक्रमों की करीब 1 लाख 90 हजार सीटों के लिए होगी।
मिश्रा ने बताया कि परीक्षार्थी वैध आईडी जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, वोटर कार्ड अथवा 12वीं क्लास का प्रवेश पत्र जिसमें परीक्षार्थी की फोटो आ रही हो, इनमें से कोई भी एक आईडी साथ लानी है। इनकी फोटो कॉपी किसी भी सूरत में मान्य नहीं होगी। विद्यार्थियों को पेन भी सेंटर पर ही दिया जाएगा। पर्सनल पारदर्शी वॉटर बोतल, 50 मिलीलीटर का पर्सनल हैंड सेनेटाइजर की बोतल, और यदि कोई दिव्यांग है तो उससे संबंधित प्रमाण पत्र ले जाने होंगे।
परीक्षार्थी इन बातों का रखें ध्यान
करिअर एक्सपर्ट ने बताया कि एनटीए द्वारा जारी की गई नीट यूजी-2023 एडमिट कार्ड गाइडलाइन के अनुसार पहले परीक्षा के एडमिट कार्ड को अच्छे से कंप्लीट करें, इसमें परीक्षार्थी को फोटो (जैसा आवेदन पत्र में अपलोड किया गया) चिपकाना है। परीक्षार्थी अपना एक पोस्टकार्ड साइज फोटो एडमिट कार्ड के साथ संलग्न निर्धारित फॉर्म में चिपका कर परीक्षा केन्द्र पर साथ लेकर आएं। इसके अतिरिक्त एक और समानांतर पासपोर्ट साइज फोटो भी लेकर आएं, जोकि अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के काम आएगा। परीक्षार्थी बाएं हाथ के अंगूठे का इम्प्रेशन घर से लगाकर लाना होगा, यद्यपि परीक्षार्थी को स्वयं के सिग्नेचर कक्षा मे उपस्थित परीक्षक के सामने ही करने होंगे, इस बात का भी विशेष रूप से ध्यान रखें । परीक्षार्थी एडमिट कार्ड कलर या ब्लैक एंड वाइट मे प्रिंट आउट ले सकते हैं।
NEET UG Exam ड्रेस कोड
मिश्रा ने बताया कि परीक्षार्थी कोई भी लाइट कलर ड्रेस पहन सकता है। छात्र ट्राउजर्स या पैंट जिसमें कि कोई मेटल बटन नहीं हो तथा हाफ शर्ट या टी-शर्ट पहन सकते हैं , फुल आस्तीन की शर्ट को न पहन कर जाएं। छात्राएं सलवार कुर्ता, लेगिंग, पैंट या ट्राउजर्स, टी-शर्ट और कुर्ती पहन सकती हैं। इनमे से किसी में भी मेटल के बटन नहीं होने चाहिए। नॉर्मल स्लीपर्स या सामान्य जूते पहन सकते हैं। आभूषण या मेटल की चीजें जैसे ताबिज, कड़ा पहनकर नहीं जाना है। परीक्षार्थी यदि कोई धार्मिक या परंपरागत ड्रेस पहन कर जा रहा है तो उसे साढ़े ग्यारह तक परीक्षा केंद्र पर अपनी उपस्थिति तथा अपनी व्यक्तिगत जांच करवानी होगी ।
NEET exam Guidelines परीक्षा कक्ष के लिए
ओएमआर शीट पर मुख्यतया: अपना रोल नंबर, पेपर कोड, क्वेश्चन पेपर बुकलेट नंबर तथा व्यक्तिगत विवरण को सबसे ज्यादा ध्यानपूर्वक भरें। ओवल भरते समय पेन की इंक दूसरे ओवल को ओवरलैप नहीं करें और न ही स्याही फैला करके ओएमआर को न गंदा करें। कटिंग और ओवरराइटिंग, इरेजिंग भी नहीं करें।
एनटीए द्वारा जारी की गाइडलाइन के अनुसार मेन ओएमआर शीट तथा ओएमआर शीट की ऑफिस कॉपी दोनों ही इनविजीलेटर को परीक्षा समाप्त होने के बाद जमा करानी होगी, जो मेन ओएमआर शीट के साथ एनक्लोज होती है। एग्जाम खत्म होने के बाद में एडमिट कार्ड तथा पोस्टकार्ड साइज फोटो वाला परफोर्मा भी एग्जामिनर को देना होगा। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर एग्जामिनर को तुरंत सूचना दें।