NEET PG Counselling 2021: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातकोत्तर (NEET-PG) काउंसलिंग के लिए पंजीकरण का पहला दौर सोमवार, 17 जनवरी, 2022 को बंद होने वाला है। योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट- mcc.nic.in पर पहले राउंड की काउंसलिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, जिन उम्मीदवारों ने आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण किया है, उन्हें 17 जनवरी को दोपहर तीन बजे तक भुगतान करने की अनुमति होगी। वे 17 जनवरी की शाम तक अपनी कॉलेज-कोर्स की पसंद भी भर सकते हैं और लॉक कर सकते हैं। पहले दौर के लिए NEET PG काउंसलिंग पंजीकरण 12 जनवरी से शुरू हुए थे।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने सात जनवरी को अपने अंतरिम आदेश में 2021-2022 के लिए NEET-PG प्रवेश के लिए मेडिकल काउंसलिंग फिर से शुरू करने की अनुमति दी थी। अदालत ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के छात्रों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की वैधता को भी बरकरार रखा था।