NEET PG 2026: नीट पीजी के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 21 जूलाई तक आवेदन कर सकते हैं। एनबीईएमएस ने सभी उम्मीदवारों से कहा है कि वे आवेदन करने से पहले नीट पीजी 2026 का सूचना बुलेटिन ध्यान से पढ़ें। इससे आवेदन के दौरान होने वाली गलतियों से बचा जा सकेगा। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी नीचे जान सकते हैं कि इस बार क्या मुख्य बदलाव किए गए हैं।
'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर नहीं मिलेगा परीक्षा शहर
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस बार परीक्षा राज्य, परीक्षा शहर या परीक्षा केंद्र का आवंटन 'फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व' के आधार पर नहीं होगा। यानी जल्दी आवेदन करने से किसी पसंदीदा परीक्षा केंद्र या शहर का कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिलेगा।
आवेदन में कितने परीक्षा राज्य चुनने होंगे?
- आवेदन करते समय उम्मीदवारों को तीन परीक्षा राज्यों का विकल्प देना होगा।
- पहला विकल्प वही राज्य होना चाहिए, जिसे उम्मीदवार ने पत्राचार (Correspondence) पता के रूप में दर्ज किया है।
- बाकी दो विकल्प पड़ोसी राज्यों के होने चाहिए।
एनबीईएमएस ने बताया कि पत्राचार का पता वैध दस्तावेज से प्रमाणित होना चाहिए। आवेदन जमा करने के बाद न तो पत्राचार का पता बदला जा सकेगा और न ही परीक्षा राज्य की प्राथमिकताएं। यह बदलाव एडिट विंडो के दौरान भी संभव नहीं होगा।
कहां मिलेगा परीक्षा केंद्र?
बोर्ड ने कहा है कि उम्मीदवारों की प्राथमिकताओं के अनुसार परीक्षा केंद्र देने की कोशिश की जाएगी, लेकिन प्रशासनिक, सुरक्षा, तकनीकी या अन्य आवश्यक कारणों से परीक्षा केंद्र देश में कहीं भी आवंटित किया जा सकता है।
फोटो और दस्तावेज अपलोड करते किन बातों का ध्यान रखना है?
उम्मीदवारों को आवेदन के साथ तीन महीने से अधिक पुरानी नहीं फोटो, हस्ताक्षर और अन्य जरूरी दस्तावेज निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अपलोड करने होंगे।
यदि फोटो या अन्य तस्वीरें धुंधली, एडिट की हुई, मॉर्फ की गईं या निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं, तो आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है या एडमिट कार्ड जारी नहीं होगा।
आवेदन जमा करने के बाद किन विवरणों में सुधार नहीं कर पाएंगे?
एनबीईएमएस ने स्पष्ट किया है कि आवेदन अंतिम रूप से जमा होने के बाद निम्न जानकारियों में बदलाव की अनुमति नहीं होगी-
- श्रेणी PwBD स्टेटस
- जन्म तिथि
- मोबाइल नंबर
- ईमेल आईडी
- अन्य व्यक्तिगत विवरण
बोर्ड ने यह भी बताया कि आवेदन में दी गई जानकारी का उपयोग काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान भी किया जाएगा।
आधार आधारित सत्यापन होगा अनिवार्य
नीट पीजी 2026 में पहली बार आधार आधारित ऑथेंटिकेशन और वेरिफिकेशन की व्यवस्था लागू की गई है। उम्मीदवारों को आवेदन में जहां आवश्यक हो, वहां अपना आधार नंबर देना होगा। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले आधार को अनलॉक रखना होगा ताकि सत्यापन में कोई परेशानी न आए।
यदि आधार सत्यापन संभव नहीं हो पाता है, तो आईरिस (IRIS) आधारित पहचान सत्यापन जैसे वैकल्पिक तरीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
परीक्षा के दिन किन बातों का ध्यान रखना जरूरी?
एनबीईएमएस ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित रिपोर्टिंग समय से काफी पहले पहुंचें ताकि पहचान, बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा जांच समय पर पूरी हो सके।
उम्मीदवारों को उंगलियों, हथेलियों या हाथों पर मेहंदी, रंग, स्याही, पेंट या किसी अन्य पदार्थ का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे बायोमेट्रिक सत्यापन प्रभावित हो सकता है।
साथ ही परीक्षा वाले दिन कोई ऐसा यात्रा कार्यक्रम न बनाएं जिसे बदला न जा सके, क्योंकि सुरक्षा और सत्यापन प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लग सकता है।
ईमेल और मोबाइल सक्रिय रखें
बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा और काउंसलिंग से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं पंजीकृत ईमेल आईडी और आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल के माध्यम से भेजी जाएंगी। उम्मीदवार नियमित रूप से अपना ईमेल, स्पैम और जंक फोल्डर भी जांचते रहें तथा यह सुनिश्चित करें कि उनका मेलबॉक्स भरा न हो।
किसी के साथ साझा न करें अपनी जानकारी
एनबीईएमएस ने उम्मीदवारों को चेतावनी दी है कि वे अपना आवेदन नंबर, पासवर्ड, आधार विवरण, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या परीक्षा से जुड़ी कोई भी जानकारी किसी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा न करें। बोर्ड ने कहा है कि ठग अंक बढ़वाने, एडमिशन दिलाने या अन्य झूठे वादों के नाम पर ऐसी जानकारी का दुरुपयोग कर सकते हैं।
फर्जीवाड़ा करने पर क्या होगा?
एनबीईएमएस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई उम्मीदवार प्रतिरूपण, अनुचित साधनों के प्रयोग या परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी में शामिल पाया जाता है, तो उसका अभ्यर्थन रद्द किया जा सकता है। इसके अलावा भविष्य की परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
बोर्ड ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों या अनौपचारिक सूचनाओं पर भरोसा न करें और केवल एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट, पंजीकृत ईमेल और अधिकृत संचार माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
पत्राचार पते का प्रमाण देना होगा
आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपने पत्राचार पते के समर्थन में निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक को प्रमाण के रूप में भी जमा करना होगा। यह दस्तावेज आवेदन प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा होगा।
नीट पीजी में प्रश्नों की संख्या कितनी होगी?
बुलेटिन के अनुसार, एनबीई ने एनएमई पीजी परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों की संख्या 200 से घटाकर 180 कर दी है। पहले, नीट पीजी परीक्षा के प्रश्नपत्र में 200 बहुविकल्पीय प्रश्न होते थे। परीक्षा 30 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही शिफ्ट में पूरे देश में आयोजित की जाएगी।
सूचना बुलेटिन में लिखा है, "परीक्षा में 180 बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) होंगे, जिनमें से प्रत्येक प्रश्न में केवल अंग्रेजी भाषा में 4 उत्तर विकल्प/भ्रामक विकल्प दिए जाएंगे। उम्मीदवारों को प्रत्येक प्रश्न में दिए गए 4 उत्तर विकल्पों में से सही/सर्वोत्तम/सबसे उपयुक्त उत्तर का चयन करना होगा।"