8:30 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री
अभ्यर्थियों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 8:30 बजे बंद हो जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
केंद्र पर पंजीकरण की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू होगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय पर्याप्त समय पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को सुबह 8:45 बजे अपना लॉगिन उपलब्ध होगा। वहीं, परीक्षा से जुड़े निर्देश पढ़ने के लिए लॉगिन विंडो 8:50 बजे खुलेगी।
यह भी पढ़ें: नीट पीजी एग्जाम-डे चेकलिस्ट, केंद्र जाने से पहले इन पांच बातों का रखें ध्यान, नहीं तो हो सकती है परेशानी
परीक्षा केंद्र पर कौन से दस्तावेज ले जाने होंगे?
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कुछ जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाना होगा। इनमें सबसे महत्वपूर्ण नीट पीजी 2026 का प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र है।
- जरूरी दस्तावेज
- नीट पीजी 2026 का प्रवेश पत्र
- वैध फोटो पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस
- भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद (एमसीआई) या संबंधित राज्य चिकित्सा परिषद की ओर से जारी पंजीकरण प्रमाणपत्र
विदेशी अभ्यर्थियों को पासपोर्ट और अपने देश में चिकित्सक के रूप में उनकी स्थिति की पुष्टि करने वाला वैध प्रमाण भी साथ रखना होगा।
परीक्षा केंद्र पर कौन सा सामान ले जाना मना है?
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रतिबंधित सामान लेकर नहीं जाना चाहिए। एनबीईएमएस के निर्देशों के अनुसार इनमें स्टेशनरी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई तरह के व्यक्तिगत सामान शामिल हैं।
- प्रतिबंधित सामान
- पेन, कागज, लेखन पैड, पेन ड्राइव और रबर
- मोबाइल फोन, टैबलेट, कैलकुलेटर और घड़ी
- ब्लूटूथ उपकरण
- अंगूठी, कान की बालियां, चेन और चूड़ियां
- बटुआ, बेल्ट और चश्मा
- खुला या पैक किया हुआ कोई भी खाद्य पदार्थ
पुरुष अभ्यर्थियों के लिए क्या है ड्रेस कोड?
पुरुष अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन हल्के, साधारण और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। आधी आस्तीन वाली शर्ट या टी-शर्ट को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
अभ्यर्थियों को मोटे तलवे वाले जूते पहनने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसे जूतों को परीक्षा केंद्र पर अनुमति नहीं मिल सकती है।
महिला अभ्यर्थियों को किन बातों का ध्यान रखना होगा?
महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन पूरी आस्तीन या अधिक कढ़ाई वाले कपड़े पहनने से बचने की सलाह दी गई है। प्रिंट वाली जींस से भी बचने को कहा गया है।
इसके अलावा कान की बालियां, नोज रिंग, कंगन, हार और नोज पिन जैसे आभूषण परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं ले जाने दिए जाएंगे। साधारण और आरामदायक आधी आस्तीन वाले कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।