केंद्रीय स्वास्थ्य ने छात्रों को दी बधाई, एनबीई की सराहना भी की
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, मैं उन सभी छात्रों को बधाई देता हूं, जिन्होंने नीट-पीजी के लिए क्वालीफाई किया है। मैं राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड की भी सराहना करता हूं कि उन्होंने निर्धारित समय से काफी पहले रिकॉर्ड 10 दिनों में परिणाम घोषित करने का सराहनीय कार्य किया है।
नीट पीजी 2022 की कट ऑफ भी जारी
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंस (NBE/NBEMS) ने नीट पीजी 2022 का परिणाम जारी करने के साथ, नीट पीजी 2022 की कट ऑफ भी जारी कर दी है। सामान्य/ ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए नीट पीजी 2022 कट ऑफ स्कोर 800 में से 275 है। वहीं, एससी/ एसटी/ ओबीसी (पीडब्ल्यूडी सहित) के लिए कट ऑफ 245 है, और यह अनारक्षित व सामान्य वर्ग के पीडब्ल्यूडी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए कट ऑफ 260 है।
स्कोर कार्ड आठ जून से कर सकेंगे डाउनलोड
नीट पीजी मेरिट सूची एनबीई (NBE) द्वारा अलग से जारी की जाएगी। उम्मीदवार आठ जून, 2022 को या उसके बाद आधिकारिक वेबसाइट- nbe.edu.in से अपने व्यक्तिगत स्कोर कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। गौरतलब है कि पिछले साल, नीट पीजी 2021 की कट-ऑफ सामान्य / ईडब्ल्यूएस श्रेणी (UR/EWS) के लिए 302, एससी/ एसटी/ ओबीसी (पीडब्ल्यूडी सहित) के लिए 265 और अनारक्षित व सामान्य वर्ग के पीडब्ल्यूडी श्रेणी (UR-PWD) के लिए 283 थी।