स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2021 स्नातकोत्तर (NEET PG 2021) के तहत लिए गए दाखिलों में इस साल 1456 सीटें खाली रही हैं। मंत्री ने बताया कि सभी सीटों को भरने के लिए पांच दौर की काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित की गई थी। विशेष दौर की काउंसलिंग के बावजूद इन्हें भरा नहीं जा सका।
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी करती है आयोजन
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय की मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) को काउंसलिंग कराने का जिम्मा सौंपा है। काउंसलिंग संबंधी सभी फैसले मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की ओर से ही लिए जाते हैं। स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि डीम्ड विश्वविद्यालयों की रिक्त सीटों को संबंधित विश्वविद्यालयों को वापस कर दिया गया है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या काउंसलिंग के सभी स्वीकार्य दौर खत्म होने के बाद भी सीटें खाली हैं?