MP College UG and PG Exams 2020: मध्य प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। यहां यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के लभगभग 18 लाख विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के ही अगली कक्षा में दाखिला मिलेगा। सूबे में उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा कॉलेजों के स्नातक प्रथम और द्वितीय वर्ष तथा स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के ही आंतरिक मूल्यांकन के जरिए अगली कक्षा व सेमेस्टर में दाखिला मिलेगा।
विद्यार्थियों को उनके पिछले सेमेस्टर और वर्ष के अंकों व आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अगली कक्षा व सेमेस्टर में दाखिला दिया जाएगा। सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कोरोना के परिप्रेक्ष्य में विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं के संचालन तथा शालाओं को प्रांरभ करने के संबंध में बैठक ली। इसमें स्नातक प्रथम एवं द्वितीय वर्ष तथा स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षार्थियों को बिना परीक्षा दिए ही अगली वर्ष व सेमेस्टर में दाखिला दिए जाने का फैसला लिया गया। यूजी अंतिम वर्ष एवं पीजी चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षार्थियों के पूर्व वषों व सेमेस्टर्स में से सर्वाधिक अंक प्राप्त परीक्षा परिणाम को प्राप्तांक मानकर अंतिम वर्ष व सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम घोषित होंगे। सीएम ने कहा कि 31 जुलाई को समीक्षा बैठक में निर्णय के बाद कॉलेजों को खोलने पर फैसला लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-UP Board Result 2020: यूपी बोर्ड के दसवीं-बारहवीं के रिजल्ट जारी होने में बस चार दिन बाकी
सूबे में वर्तमान शैक्षणिक सत्र में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर कुल 17 लाख 77 हजार विद्यार्थी हैं। जिनमें यूजी प्रथम वर्ष में पांच लाख 25 हजार 200, यूजी द्वितीय वर्ष में पांच लाख सात हजार 269, यूजी तृतीय वर्ष में चार लाख 30 हजार 298 विद्यार्थी हैं। जबकि पीजी द्वितीय सेमेस्टर में एक लाख 72 हजार 634, पीजी चतुर्थ सेमेस्टर में एक लाख 41 हजार 599 परीक्षार्थी हैं। सरकार के निर्णय का यह लाभ इन विद्यार्थियों को मिलेगा।