MPBSE MP Board Result 2022
- फोटो : Amar Ujala
MP Board Result 2022: कितने छात्र हुए पास?
एमपी बोर्ड की ओर से जारी किए गए परिणाम के अनुसार दसवीं कक्षा में कुल 59. 54 फीसदी छात्र पास हुए हैं। वहीं, बारहवीं कक्षा का सफलता प्रतिशत 72.72 फीसदी रहा है। परिणाम में बड़ी संख्या में छात्रों ने कंपार्टमेंट पाई है, जबकि कई छात्र फेल भी हुए हैं।
राज्य के शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी कहा कि जो छात्र पास नहीं हुए हैं वे निराश न हों। परीक्षा परिणाम केवल अंकों का खेल है। अगली बार छात्र और अच्छे से अपनी पढ़ाई करें और शत प्रतिशत परिणाम लाने की कोशिश करें।
MP Board 10th 12th Result 2022
- फोटो : Amar Ujala
MP Board Result 2022: क्या होगा अनुत्तीर्ण छात्रों का?
दसवीं और बारहवीं कक्षा में जो भी छात्र उत्तीर्ण नहीं हो पाए हैं, बोर्ड की ओर से उन्हें पूरक (विशेष/ कंपार्टमेंट) परीक्षा की सुविधा दी जाएगी। दसवीं कक्षा में जो भी छात्र अधिकतम दो विषयों की परीक्षा में फेल हुए हैं, उन्हें पूरक परीक्षा में भाग लेने का मौका मिलेगा।
वहीं, जो छात्र तीन या इससे अधिक विषय में फेल हुए हैं, उन्हें पूरक की पात्रता नहीं मिलेगी। वहीं, बारहवीं कक्षा की परीक्षा में एक विषय में फेल होने वाले छात्रों को पूरक परीक्षा में भाग लेने का मौका मिलेगा। इससे अधिक विषयों में अनुत्तीर्ण छात्रों को पूरक की पात्रता नहीं मिलेगी।
MP Board Result 2022: कब होंगी पूरक परीक्षाएं?
माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश की ओर से बारहवीं कक्षा के समस्त विषयों की पूरक परीक्षाए सोमवार, 20 जून, 2022 को आयोजित की जाएंगी। वहीं, दसवीं कक्षा के समस्त विषयों की पूरक परीक्षाएं सोमवार, 21 जून, 2022 से लेकर 30 जून, 2022 तक आयोजित की जाएंगी। बता दें कि दसवीं कक्षा में 99,710 छात्रों को कंपार्टमेंट मिली है। वहीं, बारहवीं में 96751 छात्रों को कंपार्टमेंट मिली है।
MP Board Result 2022: फेल छात्रों का क्या होगा?
एमपी बोर्ड परिणाम में अनुत्तीर्ण छात्रों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। जो भी छात्र बारहवीं में एक विषय और दसवीं एक या दो विषयों में फेल हो गए हैं, तो उन्हें राज्य सरकार की रूक जाना नहीं योजना के तहत पास होने के लिए एक और मौका दिया जाएगा। इसके लिए कंपार्टमेंट परीक्षा जून माह में होगी और इसके परिणाम जुलाई महीने में जारी होने की उम्मीद है। इसके लिए छात्रों को एमपी ऑनलाइन के माध्यम से अपना पंजीकरण कराना होगा। अगर जून की परीक्षा में भी छात्र फेल हो जाते हैं, तो उन्हें दिसंबर महीने में एक बार फिर परीक्षा देने का मौका मिलेगा।