MHADA Recruitment 2021: महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) की भर्ती परीक्षा के प्रश्न-पत्र लीक करने के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुणे साइबर पुलिस ने पेपर-लीक के संदिग्ध तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुणे की साइबर पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि पुलिस ने म्हाडा यानी महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) की भर्ती परीक्षा के प्रश्न-पत्र लीक करने की कोशिश के आरोप में यहां तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा रविवार से अगले सप्ताह तक विभिन्न तिथियों पर निर्धारित की गई थी और तीनों आरोपियों को शनिवार रात में ही पकड़ लिया गया था।
पुणे साइबर पुलिस की कार्रवाई के बाद में, महाराष्ट्र के राज्य आवास मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि म्हाडा भर्ती परीक्षा 2021 को अगले महीने तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग इंजीनियर और सहायक कानून सलाहकार सहित विभिन्न पदों के लिए होने वाली परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र लीक करने की कोशिश कर रहे हैं।
सॉफ्टवेयर कंपनी के एक कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया
अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुणे साइबर पुलिस ने शनिवार रात यहां विश्रांतवाड़ी इलाके से प्रश्न-पत्र तैयार करने के लिए नियुक्त एक सॉफ्टवेयर कंपनी के एक कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार, जब तीनों को पकड़ा गया, तो पुणे का रहने वाला सॉफ्टवेयर फर्म का कर्मचारी कार में जा रहा था, जबकि दो अन्य आरोपियों के साथ प्रश्न- पत्रों की प्रतियां डिजिटल रूप से ले जा रहा था, जो राज्य के विभिन्न लोगों के संपर्क में थे।