महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (MUHS) परीक्षा 2021 का आयोजन 10 जून से ऑफलाइन मोड में किया जाएगा। हालांकि, छात्रों ने इस परीक्षा का विरोध कर दिया है और ऑफलाइन परीक्षा लिखने से इनकार कर दिया है। छात्रों की मांग है कि एमयूएचएस परीक्षा 2021 को स्थगित किया जाए। आपको बता दें कि इससे पहले बॉम्बे हाईकोर्ट ने शनिवार 5 जून को महाराष्ट्र एमयूएचएस परीक्षा 2021 को ऑफलाइन करने पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। ये परीक्षा एमबीबीएस, एमडी और बीएचएमएस सहित एमयूएचएस के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित की जाएगी।
इसे भी पढ़ें-दिल्ली विश्वविद्यालय : आज से ऑनलाइन शुरू होंगी अंतिम वर्ष की परीक्षाएं, ये हैं दिशा-निर्देश
एमयूएचएस के वकील अभिजीत देशपांडे का कहना है कि परीक्षाओं की पूरी तैयारी पहले ही कर ली गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों के पास अभी भी बाद में परीक्षा में बैठने का विकल्प है। महाराष्ट्र एमयूएचएस परीक्षा 2021 के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन किया जाएगा। महाराष्ट्र एमयूएचएस परीक्षा 2021 को स्थगित करने की जनहित याचिका अधिवक्ता राहुल भांगडे ने दायर की थी। उन्होंने अपील की कि जब तक सभी छात्रों का टीकाकरण नहीं हो जाता तब तक परीक्षाओं को स्थगित कर देना चाहिए। उन्होंने कहा था कि कोरोना वायरस के दौरान अगर परीक्षा होती है, तो छात्रों और परीक्षा कर्मचारियों को जोखिम होगा।
इसे भी पढ़ें-काम की खबर : इन स्रोत से कमाए धन पर नहीं लगता आयकर, जानें इनकम टैक्स के नियम और शर्तें
हालांकि, उच्च न्यायालय ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता को छोड़कर अभी तक किसी ने भी परीक्षा का विरोध नहीं किया है। हालांकि, लगभग 40,000 छात्रों ने महाराष्ट्र एमयूएचएस परीक्षा 2021 को स्थगित करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और परीक्षा को स्थगित करने की मांग की है। इस बीच विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र किसी भी कारण से परीक्षा में उपस्थित होने में असमर्थ होंगे, वे बाद में परीक्षा दे सकते हैं।