महाराष्ट्र के आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस कॉलेजों में अब छात्रों को दाखिला लेने के लिए एंट्रेस टेस्ट यानी प्रवेश परीक्षा नहीं देनी होगी। छात्रों को 12वीं के नंबरों के आधार पर ही कॉलेजों में दाखिला मिल जाएगा। यह जानकारी महाराष्ट्र के उच्च शिक्षा मंत्री उदय सामंत ने दी। उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग से संबंधित कोर्स के लिए एंट्रेंस टेस्ट 4 से 20 सितंबर के बीच आयोजित किए जाएंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री ने दी यह जानकारी
उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस साल 12वीं की परीक्षा पास करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में विश्वविद्यालयों को कॉलेजों में डिविजन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि गैर-व्यवसायिक कोर्सों के लिए एंट्रेंस टेस्ट न कराने की मांग लगातार की जा रही थी। ऐसे में कई दौर की बातचीत के बाद तय किया गया कि आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस स्ट्रीम में छात्रों को 12वीं के नंबरों के आधार पर दाखिला दिया जाएगा।
एंट्रेंस टेस्ट की तारीखों के बारे में भी बताया
उन्होंने बताया कि मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस, आर्किटेक्चर और होटल मैनेजमेंट जैसे कोर्सों के लिए एंट्रेंस एग्जाम 26 अगस्त से आयोजित किए जाएंगे। वहीं, इंजीनियरिंग कोर्सों के लिए एंट्रेंस एग्जाम दो हिस्सों में होंगे। पहला सेशन 4 से 10 सितंबर के बीच चलेगा, जबकि दूसरे सेशन में 14 से 20 सितंबर के बीच परीक्षाएं होंगी। इसके अलावा एलएलबी कोर्सों के लिए एंट्रेंस एग्जाम 16 सितंबर से शुरू होंगे।