कोविड-19 महामारी के कारण महाराष्ट्र में कई प्रतिबंधों को राज्य सरकार ने लागू कर रखा था। अब राज्य में हालात कुछ सामान्य होने के बाद राज्य की सरकार ने छोटे बच्चों के स्कूलों को खोलने का फैसला किया है। 1 दिसंबर 2021 से महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में पहली से चौथी कक्षा के बच्चों के स्कूल और शहरी क्षेत्रों में पहली से सातवीं कक्षा के बच्चों के स्कूल खुलेंगे।
इस मामले में बुधवार को बयान देते हुए राज्य की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से, कैबिनेट में चर्चा के बाद राज्य में छोटे बच्चों के स्कूलों को खोलने पर फैसला लिया गया है। बाल चिकित्सा टास्क फोर्स भी इस चर्चा में शामिल थी। उन्होंने कहा कि हम स्कूलों को सुरक्षित माहौल में सभी कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के मद्देनजर खोलने जा रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित माहौल में होगी।
पिछले 24 घंटे में 960 मामले आए सामने
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में 960 मामले सामने आए थे। इनमें से 41 लोगों की मौत हुई थी। अभी तक राज्य में कोरोना के 10 हजार एक्टिव मामले हैं। कोविड-19 की रोकथाम के लिए राज्य की तरफ से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।