महाराष्ट्र बोर्ड ने दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया है। कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए बोर्ड ने दसवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया है। दसवीं कक्षा के छात्रों को इस साल आंतरिक मूल्यांकन के जरिए अगली कक्षा में पदोन्नत किया जाएगा। दसवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द करने की घोषणा के वक्त शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ का कहना था कि विद्यार्थियों को इस साल दसवीं में आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर नंबर दिये जाएंगे।
इसे भी पढ़ें-उस्मानिया विश्वविद्यालय: सभी संबद्ध कॉलेजों के लिए 31 मई तक गर्मियों की छुट्टियां घोषित
हालांकि, अभी आंतरिक मूल्यांकन की प्रक्रिया क्या होगी इसका निर्णय बाकी है। अभी तक यह भी तय नहीं हुआ है कि ग्यारहवीं कक्षा में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को दसवीं में किस आधार पर नंबर दिये जाएंगे। जिस तरह से सीबीएसई ने छात्रों को दसवीं कक्षा में पास करने के लिए मार्किंग स्कीम घोषित की है, उसी तरह महाराष्ट्र बोर्ड ने अभी तक ऐसी कोई स्कीम घोषित नहीं की है। इसके अलावा अभी तक बोर्ड ने दसवीं कक्षा के रिजल्ट जारी होने की तारीख भी घोषित नहीं की है। बताया जा रहा है कि बोर्ड की तरफ से जल्द ही दसवीं के रिजल्ट जारी होने की तारीख की घोषणा की जा सकती है।
इसे भी पढ़ें-हिमाचल प्रदेश: महामारी की वजह से 10वीं बोर्ड परीक्षाओं को किया रद्द, 12वीं के संबंध में की यह घोषणा
आपको बता दें कि सीबीएसई बोर्ड 20 जून को दसवीं कक्षा का रिजल्ट जारी करेगा। सीबीएसई की नई मार्किंग स्कीम में कुल 100 नंबरों को 20 नंबर और 80 नंबर में बांटा गया है। स्कूलों द्वारा बोर्ड परीक्षाओं के लिए किए गए इंटरनल मार्किंग के आधार पर 20 नंबर दिए जाएंगे। बाकी 80 नंबर छात्रों को स्कूलों द्वारा आयोजित परीक्षाओं में उनके प्रदर्शन के आधार पर दिए जाएंगे। 80 नंबरों में से 10 नंबर पीरियोडिक/यूनिट टेस्ट और 30 नंबर अर्धवार्षिक और 40 नंबर प्री-बोर्ड के आधार पर मिलेंगे।