AI: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आने से हर क्षेत्र में काफी कुछ बदलाव देखने को मिल रहा है। हम आज बात कर रहे हैं शिक्षा के क्षेत्र में एआई का कितना प्रभाव है। इसके आने से चीजे कितनी आसान हुई हैं या कुछ मुश्किलें भी हैं। आइए जानते हैं ...
एआई के आने से शिक्षक अपने पाठ्यक्रम को आसानी से छात्रों को ध्यान में रखकर तैयार कर सकते हैं। ग्रेडिंग सिस्टम में उन्हें मदद मिलती है। इससे शिक्षक छात्रों की कमजोरियों को आसानी से ट्रैक कर उसके मुताबिक तैयारी कराते हैं। इसके अलावा छात्रों के पर्सनलाइज पाठ्यक्रम तैयार करते हैं, जिससे छात्र आसानी से सीख और समझ सकें। कई एआई टूल्स ऐसे भी हैं, जो शिक्षकों के प्रशासनिक कार्यों को पूरा करने में भी मदद करते हैं।
छात्रों को करिअर में आगे बढ़ने की लिए स्किल की बहुत जरूरत होती है। इसमें भाषा का किरदार सबसे अहम होता है। एआई की मदद से छात्र किसी भी भाषा को सीख सकते हैं। इसके लिए कई एआई एप्स मौजूद हैं, जो आपको किसी भी भाषा को इंटरएक्टिव तरीके से सीखाने में मदद करेंगे। ये एप्स यूजर के बोलने की क्षमता का आंकलन करते हैं और उनको तुरंत फीडबैक देते हैं। इससे छात्रों को अपनी स्किल सुधारने में मदद मिलती है।
एआई चैटबोट और वर्चुअल ट्यूटर आजकल हर समय छात्रों के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार रहते हैं। इससे छात्रों को अपने होमवर्क, सवालों के जवाब देने और विभिन्न विषयों को समझने में आसानी हो रही है। इसके अलावा छात्र क्लास के बाहर की चीजें भी सीख और समझ रहे हैं।
एआई जिस तरह से चीजों को आसान बना रही है, लोगों का आकर्षण इसके प्रति होता जा रहा है। इसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में भी एआई ने चीजों को आसान कर दिया है, लेकिन बिना सही जानकारी के इसका उपयोग करना नुकसानदायक साबित हो सकता है। लिहाजा छात्र अगर एआई का उपयोग पढ़ाई-लिखाई से संबंधित चीज के लिए कर रहे हैं तो एक बार अपने शिक्षक से सलाह जरूर ले लें।