ड्यूल वेरिफिकेशन का रिस्पांस न देने पर सीट होगी कैंसिल
ऐसे विद्यार्थी जिन्हें दूसरे राउंड में आईआईटी से एनआईटी एवं एनआईटी से आईआईटी सीट का आवंटन हुआ है, उनके पहले राउंड के सीट आवंटन में अपलोड किए गए दस्तावेजों को नए आवंटित सिस्टम से दोबारा वेरिफाई किया जा रहा है। उसके बाद नई आवंटित सीट कंफर्म की जाएगी। इसके विपरीत जिन विद्यार्थियों को पूर्व में सीट का आवंटन हो चुका है और फ्लॉट व स्लाइड का विकल्प चुना है, उन्हें दूसरे राउंड में आईआईटी से आईआईटी एवं एनआईटी से एनआईटी सीट का आवंटन हुआ है और उनके पूर्व में सत्यापित डॉक्यूमेंट्स के आधार पर ही नई सीट कंफर्म की गई है।
विकल्प बदलना चाहते हैं तो करना होगा यह काम
विद्यार्थी प्रत्येक राउंड काउंसलिंग में फ्लॉट विकल्प को स्लाइड व फ्रीज में एवं स्लाइड विकल्प को फ्रीज में बदलकर आगे की काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। यदि विद्यार्थी दूसरे राउंड में आवंटित सीट को छोड़कर सीट असेप्टेंस फीस रिफंड करवाना चाहते हैं तो वे वेबसाइट पर उपलब्ध विड्राॅल ऑप्शन पर जाकर सीट विड्राॅल के लिए आवेदन सकते है। विड्राॅल ऑप्शन चुनने पर जोसा द्वारा 6000 रुपये प्रोसेसिंग शुल्क काट कर शेष फीस लौटा दी जाएगी। जोसा काउंसलिंग के तीसरे राउंड का सीट आवंटन 03 अक्तूबर शाम 05 बजे जारी किया जाएगा।
ऐसे स्टूडेंट्स की सीट हुई कैंसिल
जोसा काउंसलिंग के दूसरे राउंड के सीट आवंटन के बाद कई स्टूडेंट्स ऐसे सामने आए हैं जिन्होंने पहले राउंड के सीट आवंटन के बाद अपनी मिली सीट के लिए न तो सीट असेप्टेंस फीस जमा करवाई और न ही उन्होंने डाक्यूमेंट्स अपलोड किया। ऐसे में जोसा की ओर से उनको आवंटित कॉलेज सीट को निरस्त कर दिया गया और वे आगे की काउंसलिंग से बाहर हो गए है। हालांकि, इन सभी छात्रों को परेशान होने की जरूरत नहीं है ये सभी जोसा काउंसलिंग के बाद एनआईटी ट्रिपल आईटी की खाली रही सीटों के लिए होने वाली सीएसएबी (CSAB) काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। सीएसएबी काउंसलिंग 24 अक्तूबर से प्रारंभ होगी।