दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) एक बार फिर चर्चाओं में है। इस बार भी जेएनयू प्रशासन को छात्र-छात्राओं के समूह विशेष के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, इस बार मामला अकादमिक परिषद की बैठक को लेकर है। बुधवार, 12 जनवरी, 2022 को होने वाली इस बैठक में जेएनयू की दाखिला प्रक्रिया को बदलने पर मुहर लग सकती है।
माना जा रहा है कि जेएनयू एकेडमिक काउंसिल की बैठक में केंद्रीय विश्वविद्यालय सामान्य प्रवेश परीक्षा यानी सीयूसीईटी (CUCET) के कार्यान्वयन के तौर-तरीकों पर चर्चा होगी। हालांकि, जेएनयू छात्र संघ सीयूसीईटी लागू करने के विरोध में है। एजेंसी और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अकादमिक परिषद की इस बैठक में विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार सीयूसीईटी के कार्यान्वयन पर विचार करेगा।
हालांकि, विश्वविद्यालय ने पहले ही एकेडमिक काउंसिल की बैठक में सीयूसीईटी के लिए जाने की मंजूरी दे दी थी, लेकिन इसे कब से और किस प्रकार से लागू किया जाएगा, इस संबंध में निर्णय नहीं हो पाया था। अब इस पर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और यूजीसी के विस्तृत दिशा-निर्देशों का इंतजार है। जेएनयू की प्रवेश परीक्षा वर्तमान में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी- एनटीए द्वारा आयोजित की जाती है। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी अपने अगले शैक्षणिक सत्र से CUCET को लागू करने के निर्णय की घोषणा कर चुकी है।