16 जिलों में 322 केंद्र बनाए गए
जानकारी के अनुसार कुल 1200 पदों के लिए कुल 1,13,861 उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें से 97,793 उम्मीदवार परीक्षा में बैठे। इसके लिए प्रदेश के 16 जिलों में 322 केंद्र बनाए गए। सबसे अधिक जम्मू जिले में 65 केंद्र बनाए गए, जबकि किश्तवाड़ में सबसे कम छह केंद्र बने। परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए 322 मजिस्ट्रेट, 322 केंद्र ऑब्जर्वर, 322 केंद्र पर्यवेक्षक, 4800 निरीक्षक मौजूद रहे। केंद्रों के बाहर धारा 144 भी लागू रही।
पहली बार जेकेएसएसबी ने कराई परीक्षा
जेकेएसएसबी के चेयरमैन ने कहा कि परीक्षा संबंधित जिला प्रशासन, जम्मू-कश्मीर पुलिस और शिक्षा, परिवहन आदि अन्य संबंधित विभागों के सक्रिय सहयोग और समर्थन से आयोजित की गई। निजी स्कूलों और कॉलेजों ने भी उपरोक्त परीक्षा के संचालन में पूर्ण सहयोग दिया। पहली बार गृह विभाग ने जेकेएसएसबी को भर्ती का जिम्मा दिया। वह इस जिम्मेदारी को निभाने में सफल हुए हैं। जिलों के उपायुक्तों और उनकी टीमों ने इस अभ्यास के सुचारू और पारदर्शी संचालन में पूर्ण सहयोग दिया। सुरक्षा के भी कड़े बंदोबस्त रहे।
परीक्षार्थी बोले- नौ सवाल प्रदेश के पुनर्गठन से संबंधित थे
परीक्षा में हिस्सा लेने वाले उम्मीदवार परीक्षा देने के बाद काफी संतुष्ट नजर आए। उम्मीदवारों का कहना था कि उन्हें खुशी है कि दिए गए सिलेबस में ही पेपर आया। परीक्षा देकर निकले अनिकेत ने बताया कि अनुच्छेद-370 के प्रावधान हटने के बाद पहली बार सब इंस्पेक्टरों की भर्ती हुई। ऐसे में सात से नौ सवाल पुनर्गठन से संबंधित थे।