JEE Advanced : ढाई लाख विद्यार्थी परीक्षा के लिए पात्र
जेईई मेन के आधार पर शीर्ष चुने गए ढाई लाख विद्यार्थी एडवांस्ड परीक्षा के लिए पात्र घोषित किए गए थे। पात्र उम्मीदवार अब बड़ी संख्या में जेईई एडवांस्ड के लिए आवेदन करते दिखाई दे रहे हैं। इस वर्ष आईआईटी, बॉम्बे द्वारा 28 अगस्त को जेईई एडवांस्ड परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। आईआईटी, बॉम्बे द्वारा आवेदन के दौरान जेईई एडवांस्ड के ऐसे विद्यार्थियों को राहत दी गई, जिनके पास ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस कैटेगरी का प्रमाण पत्र एक अप्रैल, 2022 के बाद का उपलब्ध नहीं है।
डिक्लेरेशन के माध्यम से आवेदन करने का मौका
इन सभी विद्यार्थियों को आवेदन के दौरान कैटेगरी दस्तावेज को अपलोड करने के स्थान पर डिक्लेरेशन के माध्यम से आवेदन करने का मौका दे दिया है। ये सभी विद्यार्थी जोसा काउंसलिंग के दौरान सीट आवंटन होने पर अपनी कैटेगरी सर्टिफिकेट को जमा करवा सकते हैं। डिक्लेरेशन का प्रारूम जेईई एडवांस्ड के इंफोर्मेशन बुलेटिन से डाउनलोड किया जा सकता है। एडवांस्ड परीक्षा का परिणाम 11 सितंबर को जारी किया जाएगा।
इन संस्थानों की आवेदन प्रक्रिया जारी
ऐसे विद्यार्थी जिनकी जेईई मेन में आल इंडिया रैंक अच्छी नहीं है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। ये सभी विद्यार्थी जेईई मेन के आधार पर कई इंजीनियरिंग संस्थानों में आवेदन कर सकते हैं। आईआईटी एनआईटी के अतिरिक्त कई इंजीनियरिंग संस्थान जिनमें जेईई मेन के आधार पर प्रवेश मिलता है, उनकी आवेदन प्रक्रिया जारी है।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थी जेईई मेन के आधार पर राज्यों के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए आवेदन कर सकते हैं। इनमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र शामिल हैं। इन राज्यों के इंजीनियरिंग संस्थानों में विद्यार्थियों को काफी पीछे की रैंक पर भी एनआईटी में प्रवेश मिलने की संभावना है।