झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), रांची ने क्षेत्रीय समाचार पत्रों में आधिकारिक डेट शीट जारी की थी। इस अधिसूचना के अनुसार, कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं के लिए जेएसी परीक्षाएं 14 मार्च, 2023 से शुरू होंगी। 2023 में झारखंड एकेडमिक काउंसिल के लिए 10वीं की परीक्षा तीन अप्रैल, 2023 को समाप्त होगी, जबकि जेएसी 12वीं की परीक्षा पांच अप्रैल, 2023 को समाप्त होगी।
परीक्षा विवरण
झारखंड बोर्ड 10वीं, 12वीं की परीक्षाओं के लिए 7.68 लाख परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें मैट्रिक की परीक्षा के लिए 4.34 लाख परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट के लिए 3.34 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। 10वीं की परीक्षा के लिए 1225 और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 724 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं ओएमआर शीट के साथ ही लिखित रूप से भी होंगी।
परीक्षा का समय अलग-अलग होगा
जेएसी 2023 माध्यमिक और इंटर मीडिएट कक्षाओं के छात्रों के लिए परीक्षा का समय अलग-अलग होगा। 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए परीक्षा सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:05 बजे तक आयोजित की जाएगी। कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:20 बजे तक होगी।
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने परीक्षार्थियों से नकल मुक्त परीक्षा देने की अपील की है। इसके साथ ही परीक्षा के सफल संचालन के लिए शिक्षकों व अन्य लोगों से सहयोग की अपील भी की है।