IIT Kharagpur Anti-Ragging Squad: एक छात्र की रहस्यमय मौत के बाद आईआईटी, खड़गपुर के प्रबंधन ने संस्थान में एंटी रैगिंग स्क्वाड बनाने की घोषणा की है। आईआईटी ने आधिकारिक तौर पर अधिसूचना भी जारी कर दी है। इस अधिसूचना में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने अपने खड़गपुर परिसर में एक रैगिंग रोधी दस्ता बनाने की बात कही है।
अधिसूचना में कहा गया है कि आईआईटी परिसर में किसी भी तरह की रैगिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित है। संस्थान ने कहा है कि रैगिंग की कोई शिकायत मिलने पर यह टीम पूरी जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। बताते चलें कि 14 अक्तूबर को आईआईटी, खड़गपुर के छात्रावास एक छात्र का शव मिला था। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था और मामला कलकत्ता हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है।
मृत छात्र के पिता ने गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने हत्या के साथ-साथ आईआईटी प्रबंधन पर लापरवाही का भी आरोप लगाया था। इसके बाद मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी गई। इस मौत को लेकर हाई कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश ने जिला पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट भी तलब की थी।
इसके साथ ही कोर्ट ने खड़गपुर टाउन थाने के प्रभारी को केस डायरी जमा करने का भी निर्देश दिया था। जांच ठीक से चल रही है या नहीं यह देखने के लिए पुलिस अधीक्षक एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को नियुक्त किया गया है। जांच अधिकारी और अधीक्षक के रूप में नियुक्त वरिष्ठ अधिकारी को अगले गुरुवार को अदालत में पेश होना होगा।