Maharishi Charak Shapath: राजकीय मदुरै मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों ने दीक्षा सत्रारंभ समारोह यानी प्रोग्राम इंडक्शन ओरिएंटेशन सेरेमनी के दौरान हिप्पोक्रेटिक शपथ के बजाय 'महर्षि चरक शपथ' ली। यह पहली बार है जब देश में मेडिकल छात्रों ने हिप्पोक्रेटिक ओथ की जगह महर्षि चरक शपथ ली हो। लेकिन इस बदलाव पर बवाल हो गया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद तमिलनाडु सरकार ने अप्रत्यक्ष तौर पर नाराजगी जाहिर की है।
राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉलेज के डीन को पद से हटा दिया है। तमिलनाडु सरकार ने महर्षि चरक शपथ दिलाने के मामले के बाद सरकारी मेडिकल कॉलेज, मदुरै के डीन को स्थानांतरित करते हुए प्रतीक्षा सूची में रखा है। हालांकि, कार्यक्रम में राज्य सरकार के वित्त मंत्री पीटीआर पलानीवेल थियागा राजन और राजस्व मंत्री पी मूर्ति भी मौजूद थे।
मदुरै मेडिकल कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्रों का शपथ समारोह में हिप्पोक्रेटिक शपथ के बजाय संशोधित 'महर्षि चरक शपथ' दिलाने पर तमिलनाडु सरकार ने डीन डॉ रथिनवेल को पद से हटा दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। डॉ रथिनवेल ने दावा किया कि शपथ तैयार करने वाले छात्र संघ के सचिव ने गलती से हिप्पोक्रेटिक शपथ के बजाय महर्षि चरक शरथ को डाउनलोड कर लिया था। इसलिए गफलत हुई।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए तमिलनाडु के वित्त मंत्री राजन ने कहा कि जब छात्रों ने चरक शपथ पढ़ना शुरू किया तो मैं चौंक गया। जब मैंने नई शपथ सुनी तो मैं काफी हैरान था, मैंने हमेशा सोचा था कि डॉक्टर हिप्पोक्रेटिक शपथ लेते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे अनुसार तो राजनेताओं को भी हिप्पोक्रेटिक शपथ जरूर लेनी चाहिए।