फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेलंगाना: बेरोजगारी से परेशान महिला अभ्यर्थी ने की आत्महत्या, विरोध प्रदर्शन के बाद राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट

Sat, 14 Oct 2023 08:19 PM IST
सौरभ पांडेय एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

तेलंगाना में एक महिला अभ्यर्थी ने आत्महत्या कर ली। जिसके बाद मामला गर्माया हुआ है। छात्रों और विरोधी दलों के विरोध प्रदर्शन के बाद राज्यपाल ने मामले की रिपोर्ट मांगी है।
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हैदराबाद। तेलंगाना में कथित तौर पर बेरोजगारी से तंग आकर एक महिला अभ्यर्थी ने मौत को गले लगा दिया, जिसके बाद से हंगामा मच गया है। इसे लेकर बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रदर्शन किया। वहीं, विपक्षी दलों ने भी राज्य सरकार को घेरा। बवाल बढ़ता देखकर राज्यपाल ने इस मामले में मुख्य सचिव, डीजीपी और तेलंगाना राज्य सेवा आयोग के सचिव से 48 घंटे के अंदर रिपोर्ट मांगी है।

विज्ञापन

दरअसल 23 वर्षीय महिला अभ्यर्थी ग्रुप-2 भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसने शुक्रवार को हॉस्टल के अपने कमरे में आत्महत्या कर ली। यह खबर सामने आते ही बड़ी संख्या में सरकारी नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों ने बीआरएस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। यही नहीं, उन्होंने पुलिस को शव अस्पताल ले जाने से रोकने की कोशिश भी की।

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि वारंगल की रहने वाली महिला अभ्यर्थी ने नौकरी नहीं मिलने और तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग की तरफ से ग्रुप-2 परीक्षा फिर स्थगित किए जाने से निराश होकर अपनी जान दी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हॉस्टल में पीड़िता की दोस्तों ने कहा कि उसने निजी कारणों से यह कदम उठाया।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप

दूसरी तरफ, विपक्षी दलों ने युवती की मौत के लिए के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। विपक्ष राज्य लोक सेवा आयोग की तरफ से आयोजित परीक्षा का पर्चा लीक होने को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि बीआरएस सरकार भर्ती परीक्षा ठीक से आयोजित करने में विफल रही है। भाजपा सांसद के लक्ष्मण ने भी इसी तरह का आरोप लगाते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि युवती ने कड़ी मेहनत ने परीक्षा की तैयारी की थी लेकिन बार-बार परीक्षा टलने और रद्द होने से उसे यह कदम उठाना पड़ा।

बेरोजगार युवा साहस से काम लें : राज्यपाल

राजभवन की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्यपाल तमिलसाई सौंदर्यराजन को ऐसे होनहार युवा जीवन की हानि पर बेहद अफसोस है और वह इस तरह की घटना से उठे मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। राज्यपाल ने कहा कि बेरोजगार युवाओं को इस तरह हताश नहीं होना चाहिए। उन्हें साहस से काम लेना चाहिए। साथ ही कहा कि वह रोजगार लक्ष्यों को हासिल करने में मदद के लिए प्रतिबद्ध हैं।

विज्ञापन

राहुल गांधी ने भी दी प्रतिक्रिया

राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि हैदराबाद की घटना छात्रा की आत्महत्या नहीं, युवाओं के सपनों की, उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं की हत्या है। तेलंगाना का युवा बेरोजगारी से पूरी तरह टूट चुका है। पिछले 10 सालों में बीआरएस यानी बीजेपी रिश्तेदार समिति और भाजपा ने मिलकर अपनी अक्षमता से राज्य को तबाह कर दिया है। तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार जॉब कैलेंडर जारी करेगी, एक महीने में यूपीएससी की तर्ज पर टीएसपीएससी का पुनर्गठन करेगी और एक साल के भीतर 2 लाख खाली सरकारी पदों को भरेगी। ये गारंटी है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें