दिल्ली विश्वविद्यालय में आरक्षित श्रेणी की सीटें भरने के लिए जारी छठी कट ऑफ लिस्ट से दाखिले का शनिवार को आखिरी दिन है। इसके बाद आरक्षित श्रेणी में दाखिले की गुंजाइश कम हो जाएगी। वहीं बृहस्पतिवार को दाखिला पोर्टल में आई गड़बड़ी के कारण सामान्य श्रेणी के अटके हुए दाखिले भी शुक्रवार को मंजूर हो गए।
दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में छठी कट ऑफ लिस्ट के दाखिलों के दूसरे दिन भी आरक्षित श्रेणी के काफी दाखिले हुए। जिन कॉलेजों में सीटें खाली हैं वहां 10 से 20 तक दाखिले विभिन्न कोर्सेज में हुए। अब इस श्रेणी के दाखिले के चांस थोड़े कम होंगे। शनिवार को दाखिले के अंतिम दिन के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। बीते बृहस्पतिवार को पोर्टल में गड़बड़ी आने के कारण सामान्य श्रेणी के लिए पूर्व में आई कट ऑफ के आधार पर कुछ कॉलेज में दाखिले मंजूर नहीं हो पाए थे। शुक्रवार को पोर्टल के सुचारु रूप से काम करने पर यह दाखिले मंजूर कर लिए गए।
शुक्रवार से बीएमएस, बीबीई व बीबीए की दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई है। कॉलेज मानकर चल रहे हैं कि इसमें सामान्य श्रेणी की सीटें खाली होंगी। ऐसे में इस श्रेणी के लिए बीकॉम, ईको में सातवीं कट ऑफ आने की संभावना है। हालांकि इस कट ऑफ में विद्यार्थियों को दाखिला रद करने का विकल्प मिलेगा या नहीं, यह अभी तय नहीं हैं। स्पेशल ड्राइव के अंतर्गत सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों को यह विकल्प नहीं दिया गया था।