दिल्ली विश्वविद्यालय में तीसरी कटऑफ जारी होते ही बीकॉम व साइंस कोर्सेज में दाखिले गति पकड़ने लगे हैं। कॉलेजों की बीती दो कटऑफ में बीकॉम व बीकॉम ऑनर्स की हाई कटऑफ के चलते नामी कॉलेजों में इन कोर्सेज के दाखिले नहीं हो रहे थे। मंगलवार को इन कोर्सेज में कैंपस और आउट ऑफ कैंपस कॉलेजों में दाखिले हुए। कटऑफ में गिरावट होते ही आउट ऑफ कैंपस में अन्य विषयों के दाखिले के लिए भी भीड़ रही।
अधिकतर कॉलेजों में मानविकी विषयों की सीटें भर गई हैं। ऐसे में तीसरी कटऑफ के पहले दिन दाखिले कॉमर्स कोर्सेज में हुए। किरोड़ीमल कॉलेज ने बीकॉम के लिए अपनी तीसरी कटऑफ हंसराज से कम निकाली। इस कारण यहां मंगलवार को कुल 173 दाखिले हुए। इनमें से बीकॉम में ही 76 दाखिले हुए। फिजिक्स ऑनर्स में 24, ईको ऑनर्स में 13, केमिस्ट्री में 15 व अंग्रेजी में 11 दाखिले हुए। कॉलेज से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौथी कटऑफ में हंसराज की सीटें बीकॉम व बीकॉम ऑनर्स में भर गईं तो केएमसी से विद्यार्थी दाखिले रद्द नहीं कराएंगे। वहीं राजधानी कॉलेज में तीसरी कटऑफ के पहले दिन 152 दाखिले हुए। सर्वाधिक 29 दाखिले बीकॉम ऑनर्स में हुए। 18 दाखिले बीए ऑनर्स ईकोनॉमिक्स में हुए। बीती दो कटऑफ में इन कोर्सेज में दाखिले की रफ्तार हाई कटऑफ के कारण सुस्त थी। इस कॉलेज में मंगलवार को 293 दाखिले रद्द भी हुए।
दूसरी ओर, आर्यभट्ट कॉलेज में तीसरी कटऑफ के पहले दिन 110 दाखिले हुए, जबकि 73 दाखिले रद्द हुए। सबसे ज्यादा 16 दाखिले कॉमर्स से ही रद्द कराए गए। ऐसा ही सामान्य श्रेणी के लिए अन्य कॉलेजों में ईको ऑनर्स व बीकॉम ऑनर्स में रहा। दरअसल, कॉलेजों ने बीकॉम व ईको की कटऑफ में 0.25 फीसदी से लेकर 1 फीसदी से अधिक की गिरावट की है। इस कारण अब विद्यार्थियों ने इन कोर्सेज में दाखिला लेना शुरू किया है।